हसिया उठा खुद धान की फसल काटने में जुट गए डीएम

जागरण संवाददाता बांदा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में क्षतिपूर्ति भुगतान के लिए क्राप कटिग कर

By JagranEdited By: Publish:Fri, 12 Nov 2021 05:18 PM (IST) Updated:Fri, 12 Nov 2021 05:23 PM (IST)
हसिया उठा खुद धान की फसल काटने में जुट गए डीएम
हसिया उठा खुद धान की फसल काटने में जुट गए डीएम

जागरण संवाददाता, बांदा : प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में क्षतिपूर्ति भुगतान के लिए क्राप कटिग कर उत्पादकता जानने के लिए डीएम जारी गांव पहुंच गए। यहां उन्होंने खुद हंसिया उठाकर फसल काटी और उपज का आंकलन किया। एक खेत में 37.82 तो दूसरे खेत में 7.20 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादकता निकली।

राष्ट्रीय खाद्यान्न नीति प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को क्षतिपूर्ति का भुगतान किया जाना है। इसके लिए क्राप कटिग कर फसलों की उत्पादकता के आंकड़े हासिल किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी अनुराग पटेल शुक्रवार को सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत जारी पहुंचे। यहां धान की फसल का निरीक्षण किया। किसान रामबली यादव और रामकिशुन के खेत में धान की फसल की कटिग की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने फसल काट रही महिलाओं से हसिया लिया और खुद कटाई में जुट गए। करीब 15 मिनट तक उन्होंने फसल काटी। वहां मौजूद किसान, महिलाएं और अधिकारी डीएम की इस स्टाइल को देखते रह गए। वहीं डीएम को किसान बने देख कुछ ही देर बाद नायब तहसीलदार कमलेश कुमार और अपर जिला सांख्यिकी अधिकारी राजेश तिवारी को भी हंसिया उठाना पड़ा। क्राप कटिग में किसान रामबली यादव के त्रिभुजाकार प्लाट में 16.380 किलो फसल धान की उपज प्राप्त हुई है। इस प्रकार 37.82 क्विंटल प्रति हेक्टेअर धान की उत्पादकता मिली, जो काफी बेहतर रही। वहीं किसान रामकिशुन के त्रिभुजाकार प्लाट में 3.120 किलो फसल धान की उपज प्राप्त हुई है। इस प्रकार इसमें 7.20 क्विंटल प्रति हेक्टेयर धान की उत्पादकता मिली। इस मौके पर राजस्व निरीक्षक व लेखपाल जारी, एआइसी बीमा कंपनी के कर्मचारी सहित किसान राजू प्रजापति, राजाबाबू, श्याम बाबू, मंगल, शिवपूजन यादव, महिपाल,रामबली यादव ने क्राप कटिग के लिए फसल काटने में सहयोग किया।

-----------------------

जिले भर में अधिकारियों ने देखी पैदावर

बांदा : धान की फसल में उपज का आंकलन करने के लिए जिले भर में अधिकारियों ने क्राप कटिग कराई। तहसील सदर क्षेत्र में 17 अधिकारियों ने, तहसील अतर्रा में 15, नरैनी में 14 अधिकारी, बबेरू में 18 अधिकारियों ने तथा पैलानी में 12 अधिकारियों ने उपज का आंकलन किया। इसके साथ ही अपर जिलाधिकारी उमाकांत त्रिपाठी सहित सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जिला कृषि अधिकारी एवं भूमि संरक्षण अधिकारी खेतों में पहुंचे। धान की फसल में क्राप कटिग कराई। इसके बाद जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी।

chat bot
आपका साथी