बैशाख में आषाढ़ जैसा मौसम, उमड़ते-घुमड़ते रहे बादल
जागरण संवाददाता बांदा मौसम में आए दिन बदलाव हो रहा है। कभी तेज धूप तो कभी उमड़ते-घुमड
जागरण संवाददाता, बांदा : मौसम में आए दिन बदलाव हो रहा है। कभी तेज धूप तो कभी उमड़ते-घुमड़ते बादलों से ऐसा लगता है जैसे आषाढ़ का महीना लग गया हो। मौसम में बदलाव का ही नतीजा है कि अभी तक प्रचंड लू का प्रकोप शुरू नहीं हो पाया। तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
मई का महीना प्रचंड गर्मी का होता है। इस पूरे महीने तेज धूप के साथ लोगों को भीषण लू के प्रकोप का सामना करना पड़ता है लेकिन अबकी बार ऐसा नहीं है। मई का एक सप्ताह से अधिक का समय बीत गया। मौसम मिला-जुला बना हुआ है। दो दिन पहले अतर्रा इलाके में बारिश हुई थी। इससे पहले भी तीन मई को जनपद के कई इलाकों में लोगों को बारिश व बूंदाबांदी का सामना करना पड़ा था। रविवार को एक बार फिर मौसम मिला-जुला रहा। सुबह धूप तो निकली लेकिन कुछ देर बाद बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। दोपहर में काले-भूरे बादल छा गए। गर्जना से ऐसा लग रहा था जैसे बारिश होने वाली है लेकिन शहर के अंदर देर शाम तक बारिश नहीं हुई। किसानों का कहना है कि अबकी बार मई यानी बैशाख में ही आषाढ़ जैसा मौसम हो गया है। दिन का अधिकतम तापमान 39 व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।