भाजपा नेता की हत्या में शामिल मुख्य आरोपित गिरफ्तार

कृष्ण प्रकाश शुक्ल की हत्या में शामिल छह आरोपितों को जेल उमाकांत की तलाश में दबिश दे रही पुलिस

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 10:38 PM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 10:38 PM (IST)
भाजपा नेता की हत्या में शामिल मुख्य आरोपित गिरफ्तार
भाजपा नेता की हत्या में शामिल मुख्य आरोपित गिरफ्तार

बलरामपुर: क्षेत्र के बल्दीडीह गांव निवासी भाजपा नेता कृष्ण प्रकाश शुक्ल की हत्या के मुख्य आरोपित राकेश उर्फ राजेश यादव महंत को पुलिस ने छठवें दिन गिरफ्तार कर लिया है। अब तक हत्या में शामिल छह अभियुक्त गिरफ्तार हो चुके हैं। नामजद आरोपित उमाकांत यादव अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। कृष्ण प्रकाश शुक्ल की हत्या में शामिल छह आरोपितों को जेल, उमाकांत की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

क्षेत्र के धामपुर से भाजपा सेक्टर प्रभारी कृष्ण प्रकाश शुक्ल की सोमवार को कुसमहवा मोड़ के पास ट्रैक्टर से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस पर आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर तुलसीपुर-चौधरीडीह मार्ग जाम कर दिया था। मृतक के भतीजे नीरज शुक्ल ने कटकुइयां गांव निवासी राकेश उर्फ राजेश यादव महंत, उसके भाई उमाकांत यादव, बेटे राहुल यादव, सतीश प्रजापति व भुलभुलिया निवासी जीतेंद्र पांडेय को नामजद किया था। पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल ने हत्यारोपितों को दबोचने के लिए एसपी ने छह टीमें गठित की थीं। पुलिस ने विवेचना के दौरान भाजपा नेता की हत्या में मदद करने वाले बच्चाराम यादव व राम निवास यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद नामजद आरोपित राहुल, सतीश व जीतेंद्र पांडेय को भी दबोच लिया गया। पुलिस राजेश व उसके भाई उमाकांत यादव की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। शनिवार को राजेश को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। क्षेत्राधिकारी राधारमण सिंह ने बताया कि हत्या में शामिल सभी आरोपितों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। हत्या में शामिल छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। शीघ्र ही उमाकांत यादव की भी गिरफ्तारी की जाएगी।

chat bot
आपका साथी