भीषण गर्मी से हाहाकार, उमस बरकरार

बलरामपुर : गर्मी के बढ़ते प्रकोप से लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। सूरज के आंख

By JagranEdited By: Publish:Sun, 10 Jun 2018 10:42 PM (IST) Updated:Sun, 10 Jun 2018 10:42 PM (IST)
भीषण गर्मी से हाहाकार, उमस बरकरार
भीषण गर्मी से हाहाकार, उमस बरकरार

बलरामपुर : गर्मी के बढ़ते प्रकोप से लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। सूरज के आंखे तरेरने से लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। दिन बा दिन बढ़ रही उमस से आम जनजीवन बेहाल है। रविवार को सुबह से ही कड़ी धूप व गर्मी से लोग बिलबिला उठे। तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। अवकाश का दिन होने के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर रहे। चिलचिलाती धूप में सड़कों पर चलने वाले लोग खुद को सिर से पैर तक कपड़ों से ढके आवागमन करते दिखे। उमस के चलते लोग पसीने से तर-बतर रहे। दोपहर करीब दो बजे बदरी छा गई और हल्की हवा चली। भीषण गर्मी के बाद एकाएक मौसम बदलने पर बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही थी लेकिन, करीब एक घंटे बाद पुन: धूप निकल आई। जिससे उमस और बढ़ गई। पूरे दिन लोग गर्मी व उमस से हलकान रहे। गर्मी से व्याकुल लोग गन्ने का रस, बेल का शरबत व शीतल पेय पीकर गला तर करते दिखे।

नपाप बुझा रहा राहगीरों की प्यास :-भीषण गर्मी को देखते हुए नगर पालिका परिषद ने राहगीरों की प्यास बुझाने के लिए नगर क्षेत्र में चार स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की है। तुलसीपुर मार्ग पर डाकघर के बगल, बहराइच मार्ग पर झारखंडी मंदिर के निकट, गोंडा मार्ग स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर के बगल व भगवतीगंज में प्याऊ लगवाए गए हैं। स्टाल पर नगर पालिका कर्मी राहगीरों को शीतल जल पिलाते हैं। चेयरमैन प्रतिनिधि शाबान अली ने बताया कि चार स्थानों पर एक माह से अनवरत प्याऊ चल रहा है। गर्मी को देखते हुए प्याऊ की संख्या बढ़ाई जाएगी।

chat bot
आपका साथी