मां पाटेश्वरी का दर्शन कर गोसेवा करेंगे योगी

विधायकों पदाधिकारियों से प्रदेश अध्यक्ष व सीएम ने की मुलाकात अधिकारियों ने सुना आनलाइन संवाद

By JagranEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 10:26 PM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 10:26 PM (IST)
मां पाटेश्वरी का दर्शन कर गोसेवा करेंगे योगी
मां पाटेश्वरी का दर्शन कर गोसेवा करेंगे योगी

बलरामपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अपने निर्धारित समय शाम 5.45 से 25 मिनट देरी से शक्तिपीठ देवीपाटन पहुंचे। सीएम का हेलीकाप्टर शाम 6.10 बजे आदिशक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल भवनियापुर स्थित हेलीपैड पर उतरा। यहां देवीपाटन पीठाधीश्वर महंत मिथिलेश नाथ योगी, चंद्रराम चौधरी व विश्व हिदू महासंघ के विजय सिंह ने सीएम का स्वागत किया। इसके उपरांत सीएम का काफिला शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचा।

सीएम के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी पहुंचे। सीएम ने मंदिर पहुंचते ही भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, जिला प्रभारी सुधीर हलवासिया, विधायक पल्टूराम, कैलाश नाथ शुक्ल, राम प्रताप वर्मा, शैलेश सिंह शैलू, पचपेड़वा ब्लाक प्रमुख मनोज तिवारी, विक्की सिंह से मुलाकात की।

सीएम ने सभी से अन्न महोत्सव की तैयारी व कोविड वैक्सीनेशन के बारे में जानकारी ली। जिलाध्यक्ष ने पंचायत चुनाव में मिली सफलता के बारे में बताया। प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन से जुड़ी जानकारियां लीं। महंत मिथिलेश नाथ योगी ने बताया कि मुख्यमंत्री बुधवार को सुबह मां पाटेश्वरी का दर्शन-पूजन कर गोशाला में गायों की सेवा करेंगे। इसके बाद लखनऊ के लिए रवाना होंगे। सतर्क रहा प्रशासन:

मुख्यमंत्री का कार्यक्रम मिलने के बाद जिला प्रशासन सुबह से ही सतर्क रहा। हेलीपैड से लेकर देवीपाटन मंदिर तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। तुलसीपुर छावनी में तब्दील नजर आया। सीएम का काफिला जिस मार्ग से गुजरना था, वहां आमजन का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया था। मंदिर परिसर के चारों तरफ सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सीएम से आनलाइन जुड़े रहे अधिकारी:

श्रावस्ती में सीएम के संबोधन व कार्यक्रम से जिले के अधिकारी भी आनलाइन जुड़े रहे। एनआइसी सभागार में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पांच अगस्त को अन्न महोत्सव से जुड़ी जानकारी व निर्देशों को जाना।

प्रभागीय वनाधिकारी प्रखर गुप्त, डीपीआरओ नीलेश सिंह, बीएसए डा. रामचंद्र समेत अन्य अधिकारी आनलाइन जुड़े रहे।

chat bot
आपका साथी