सादगी से मनेगा गणतंत्र दिवस, सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क

कलेक्ट्रेट में सुबह साढ़े आठ बजे डीएम करेंगी ध्वजारोहण पुलिस लाइन में परेड को तैयार हैं जवान

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 09:58 PM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 09:58 PM (IST)
सादगी से मनेगा गणतंत्र दिवस, सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क
सादगी से मनेगा गणतंत्र दिवस, सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क

बलरामपुर : जिले में इस बार गणतंत्र दिवस सादगी के साथ मनाया जाएगा। सरकारी भवनों में साफ-सफाई कराई गई है। मंगलवार को सादे समारोह के बीच ध्वजारोहण किया जाएगा। पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस की अभ्यास परेड हुई। बाजारों में बच्चों ने तिरंगा वाला स्टीकर, झंडा, टोपी व बिल्ला की जमकर खरीदारी की। परिषदीय व निजी स्कूलों में तिरंगा फहराने को लेकर बच्चों में गजब का उत्साह है। दूसरी तरफ सीमा पर चौकसी सतर्क कर दी गई है।

साढ़े आठ बजे होगा ध्वजारोहण :

गणतंत्र दिवस पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट में सुबह साढ़े आठ बजे जिलाधिकारी श्रुति ध्वजारोहण करेंगी। इसके बाद सभी सरकारी कार्यालयों में तिरंगा फहराया जाएगा। पुलिस लाइन में सुबह साढ़े नौ बजे पुलिस जवानों की परेड होगी। एसपी हेमंत कुटियाल ने बताया कि परेड के लिए पुलिस जवानों की तैयारी पूरी कर ली गई है। ध्वजारोहण के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम व पुरस्कार वितरण किया जाएगा।

स्कूलों में सादगी से होंगे कार्यक्रम :

गणतंत्र दिवस पर स्कूलों में सादगीपूर्ण कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली गई है। पूर्व संध्या पर बाजार में बच्चों ने तिरंगा का स्टीकर, टोपी, बिल्ला, बैंड व झंडा की जमकर खरीदारी की। प्राथमिक मॉडल विद्यालय धुसाह प्रथम की प्रधानाचार्या प्रतिमा सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर सादगी के साथ ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद गीत-संगीत व भाषण के माध्यम से देश की आजादी के लिए शहीद होने वाले जवानों को नमन किया जाएगा। सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य केपी यादव व मॉडर्न इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य हेमंत तिवारी ने बताया कि ध्वजारोहण के दौरान शारीरिक दूरी व मास्क के नियमों का ख्याल रखा जाएगा। इनसेट :

सुरक्षा एजेंसियां सतर्क, चप्पे-चप्पे पर नजर :

गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा की दृष्टि से जिला प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, शॉपिग माल व मंदिर परिसर में जांच अभियान चलाया। डॉग स्कवायड टीम ने सघन जांच कर सुरक्षा व्यवस्था की नब्ज टटोली। एसपी ने बताया कि भारत-नेपाल की सीमा से सटा होने के कारण जिला संवेदनशील है। जिले में खुफिया विभाग व पुलिस टीम पूरी मुस्तैदी से चप्पे-चप्पे पर नजर जमाए हुए हैं। बॉर्डर पर सशस्त्र सीमा बल व पुलिस की संयुक्त टीम पूरी मुस्तैदी से निगहबानी में जुटी है।

chat bot
आपका साथी