75 दिन बाद खुलेगा कपाट, जयकारों से गूंजेगा देवीधाम

-1 शक्तिपीठों में शुमार है देवीपाटन मंदिर -दर्शन-पूजन के दौरान शारीरिक दूरी पर होगी नजर

By JagranEdited By: Publish:Sat, 06 Jun 2020 10:12 PM (IST) Updated:Sat, 06 Jun 2020 10:12 PM (IST)
75 दिन बाद खुलेगा कपाट, जयकारों से गूंजेगा देवीधाम
75 दिन बाद खुलेगा कपाट, जयकारों से गूंजेगा देवीधाम

बलरामपुर :

वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण को लेकर हुए लॉकाडाउन के बाद अनलॉक-1 में सोमवार से मंदिरों के कपाट खुल जाएंगे। 75 दिनों बाद मंदिर खुलने को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में मां के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु आतुर हैं। इसे देखते हुए मंदिर प्रशासन ने शारीरिक दूरी के अनुपालन के लिए विशेष इंतजाम शुरू कर दिए हैं। देवीधाम में मां के दर्शन के लिए दो फीट की दूरी पर गोले बनाए जा रहे हैं। जिससे श्रद्धालु एक निश्चित दूरी पर खड़े होकर मां के दरबार में हाजिरी लगा सकेंगे। साथ ही मंदिर परिसर के अंदर मास्क अनिवार्य होगा। यहां गिरा था देवी सती का वाम स्कंध :

-शास्त्रों के अनुसार जब महाराजा दक्ष ने शिव का अपमान किया था, तो क्रोध से भरी देवी सती ने यज्ञकुंड में कूदकर स्वयं को समाप्त कर लिया। सती के प्रेम में व्याकुल भोलेनाथ उनके पार्थिव शरीर को लेकर तीनों लोकों में विचरने लगे। सृष्टि को बचाने व भोलेनाथ के मोह को भंग करने के लिए विष्णु जी ने सुदर्शन चक्र से सती के शरीर को खंडित कर दिया। 51 स्थानों पर जहां-जहां उनके अंग गिरे वह शक्तिपीठ कहलाए। देवीपाटन में देवी सती का वाम स्कंध गिरा था। इसलिए यह स्थान भी शक्तिपीठ कहलाया। बोले महंत :

-मंदिर के पीठाधीश्वर महंत मिथिलेश नाथ योगी ने बताया कि श्रद्धालुओं को मास्क पहनकर ही मंदिर परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। प्रसाद की दुकानों पर भी मास्क व शारीरिक दूरी के अनुपालन की हिदायत दी गई है। परिसर में भीड़ एकत्र न होने पाए, इसके लिए स्थानीय प्रशासन के साथ बैठक कर योजना बनाई जा रही है।

chat bot
आपका साथी