रोडवेज ने दिया मुश्किल में साथ, सुरक्षित व सस्ती यात्रा की अब भी सौगात

क्षेत्रों के ग्रामीणों को न केवल सस्ती परिवहन सेवाएं उपलब्ध करा रहा है बल्कि समाज के कमजोर (दिव्यांग स्वतंत्रता सेनानी समेत विशिष्ट) लोगों को मुफ्त यात्रा की सुविधा दे रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 10:13 PM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 10:13 PM (IST)
रोडवेज ने दिया मुश्किल में साथ, सुरक्षित व सस्ती यात्रा की अब भी सौगात
रोडवेज ने दिया मुश्किल में साथ, सुरक्षित व सस्ती यात्रा की अब भी सौगात

बलरामपुर: कोरोना काल के चलते घाटे में गया उप्र परिवहन निगम कमाई कर नुकसान की भरपाई में जुटा है, लेकिन पुरानी रोडवेज बसों, खराब इलेक्ट्रानिक टिकट मशीनें व परिचालकों की कमी के चलते मुश्किलें आ रही है। इन सबके बावजूद उत्तर प्रदेश परिवहन निगम घाटे की परवाह न कर विभिन्न क्षेत्रों के ग्रामीणों को न केवल सस्ती परिवहन सेवाएं उपलब्ध करा रहा है, बल्कि समाज के कमजोर (दिव्यांग, स्वतंत्रता सेनानी समेत विशिष्ट) लोगों को मुफ्त यात्रा की सुविधा दे रहा है। यही नहीं सुरक्षित यात्रा के साथ प्रत्येक यात्री को दुर्घटना बीमा समेत अन्य सुविधाएं भी दे रहा है, जो आपदा में पीड़ितों की चोट पर मरहम साबित हो रही हैं। बुधवार को दैनिक जागरण के प्रश्न पहर कार्यक्रम में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वीके वर्मा मौजूद रहे। उन्होंने कार्यालय में जिले भर विभिन्न क्षेत्रों से आए पाठकों के प्रश्नों को ध्यानपूर्वक सुना। बंद हुई रोडवेज की विभिन्न बस सेवाओं, बस अड्डे व बसों में यात्रियों की परेशानी समेत सवालों का जवाब देते हुए कहा कि रोडवेज ने हर मुश्किल में सभी का साथ दिया है। कोरोना काल में जब सभी साधन बंद थे, तब हमारे चालकों व परिचालकों ने जान हथेली पर रखकर प्रवासियों को उनके घरों तक पहुंचाया। यही नहीं उन्हें संक्रमण व दुर्घटना से बचाने के लिए सतर्कता बरतते हुए बसें सैनिटाइज कराने के साथ आम यात्रियों को मास्क भी बांटे। एआरएम ने यात्रियों से अपील कि किसी भी रूट की बस सेवाएं तभी बंद होती है जब वहां यात्री कम निकलते हैं। लोगों को चाहिए कि डग्गामार वाहनों के बजाय अधिक से अधिक यात्रा रोडवेज की बसों से ही करें जिससे बस सेवाएं इसी तरह चलती रहें। सवाल: भिनगा के लिए कोई बस सेवा नहीं है।

-अजय मिश्र, सिविल लाइन बलरामपुर।

जवाब-भिनगा के लिए दो बस सेवाएं हैं जो शाम सात बजे व आठ बजे प्रयागराज व बनारस के लिए छूटती हैं। सवाल: महेशभारी-जुआथान होते ही गोंडा के बिहुरी तिराहा व बाबागंज वाया रेहरा के लिए बस सेवाएं संचालित की जाएं।

-पुष्पेंद्र, जुआथान

जवाब-देखा जाएगा कि इस रूट के लिए परमिट है कि नहीं। यदि परमिट नहीं है, तो आरटीए की बैठक में परमिट लेकर बस सेवाओं का संचालन किया जाएगा। सवाल: सादुल्लाहनगर-रेहरा बाजार से कोई बस सेवा नहीं है, जबकि डग्गामार वाहन इस रूट पर खूब चल रहे हैं और मनमाना किराया भी वसूल रहे हैं।

-तौहीद अहमद, सादुल्लाहनगर जवाब- सादुल्लाहनगर के लिए बस सेवा चल रही थी, लेकिन कोरोना काल के बाद से बंद हो गई। इस मार्ग पर चल रही बस को सवारियां न निकलने के कारण बंद करना पड़ा। सवाल: बरदौलिया-कानपुर की बस सेवा काफी दिनों से बंद है।

-जयकृष्ण शर्मा, मथुरा बाजार

जवाब- इस मार्ग पर गोंडा डिपो की एक बस चल रही है। कोई भी बस सेवा तभी बंद होती है, जब बसें खाली चलती हैं। क्षेत्रवासियों को चाहिए कि वह अधिक से अधिक यात्रा रोडवेज बसों से करें। सवाल: मथुरा बाजार से सरकारी बस नहीं चलती है, जबकि प्राइवेट वाहन चालक अधिक किराया वसूलते हैं।

-अभिषेक शुक्ल, मथुरा बाजार

जवाब- बस संचालन का प्रयास किया जाएगा। हालांकि, बस सेवा नियमित तभी हो पाएगी जब वहां की जनता का साथ मिलेगा। यात्री कम मिलते हैं तभी बसें भेजनी बंद की जाती हैं। सवाल: यात्रियों को दिए जाने वाले टिकट में यात्रा के अलावा कौन सा शुल्क होता है।

-मनीष हरैया

जवाब- रोडवेज की बसों में यात्रियों को दिए जाने वाले हर टिकट में यात्रा के अलावा दुर्घटना बीमा व मूल सुविधाएं देने का खर्च जुड़ा होता है। मूलभूत सुविधा में पेयजल, प्रतीक्षालय, शौचालय की सुविधा भी शामिल होती है। सवाल: रोडवेज से मिलने वाले यात्री टिकट कितने का बीमा होता है।

-नईम, रेहरा

जवाब- रोडवेज से यात्रियों को दिए जाने वाले टिकट में यात्रियों को पांच लाख तक का दुर्घटना बीमा होता है। दुर्घटना के दौरान मृत्यु पर पांच लाख या फिर घायल होने पर इलाज में आने वाला खर्च दिया जाता है। सवाल: सिरसिया बार्डर के लिए चल रही बस सेवा बंद हो गई।

-अंश कुमार सैनी, बहादुरगंज

जवाब- बस क्यों बंद हो गई, इसका पता कर कारणों की समीक्षा की जाएगी। जन सुविधाओं के मद्देनजर बसें चलाने का प्रयास किया जाएगा। सवाल: रोडवेज की वातानुकूलित सेवाएं कब और कहां के लिए चल रही हैं।

-राकेश, सिविल लाइन

जवाब- सुबह साढ़े पांच बजे गोंडा-लखनऊ कानपुर व झांसी के लिए सेवा है, जबकि शाम साढ़े पांच बजे को अवध डिपो की वातानुकूलित बस सेवा मिलती है। सवाल: रोडवेज की तरफ से यात्रियों के लिए खास सुविधा बढ़ने की उम्मीद है।

-अमित मिश्र, कुकुरभुकुवा प्रानपुर

जवाब- जनवरी से नई इलेक्ट्रानिक टिकट मशीनें आ जाएंगी, जिससे कार्ड से भी किराये का भुगतान हो जाएगा। यही नहीं वीटीएस प्रणाली (वाहन ट्रैकिग सिस्टम) से बसों की लोकेशन भी पता की जा सकेगी। यही नहीं शौचालय बन रहा है। पेयजल की भी व्यवस्था कराई जा रही है। आने वाले कुछ दिनों में यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।

chat bot
आपका साथी