नौनिहाल पहुंचे स्कूल, गुरुजी आना गए भूल

1247 प्राथमिक व 651 कंपोजिट स्कूलों में पठन-पाठन शुरू

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 10:14 PM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 10:14 PM (IST)
नौनिहाल पहुंचे स्कूल, गुरुजी आना गए भूल
नौनिहाल पहुंचे स्कूल, गुरुजी आना गए भूल

बलरामपुर : वैश्विक महामारी कोरोना के कारण 11 माह से बंद प्राथमिक विद्यालय सोमवार से फिर गुलजार हो गए। जिले के 1247 प्राथमिक व 651 कंपोजिट स्कूलों में पठन-पाठन शुरू होने से बच्चों में गजब का उत्साह दिखा। कई प्राथमिक विद्यालयों में रोली-चंदन लगाकर नौनिहालों का स्वागत किया गया।

जिला मुख्यालय से सटे अधिकांश स्कूलों में बदहाली का मंजर रहा। कई स्कूलों में शिक्षक ही नहीं प्रधानाध्यापक भी गायब मिले। वहीं, कोविड-19 गाइड लाइन की खूब धज्जियां उड़ाई गई। किसी भी विद्यालय में थर्मल स्क्रीनिग की व्यवस्था नहीं दिखी। गुरुजनों के साथ बच्चे बिना मास्क के दिखे। स्वच्छता सामग्री का अभाव, बदहाल शौचालय व हैंडवॉश गुरुजनों की संजीदगी बयां करते रहे। प्राथमिक स्कूलों पर श्लोक मिश्र व छायाकार अनिरुद्ध शुक्ल की रिपोर्ट : दृश्य एक : सुबह 9.05 बजे। शिक्षा क्षेत्र बलरामपुर के प्राथमिक विद्यालय बिजलीपुर प्रथम में इंचार्ज प्रधानाध्यापक गौतम राज वाजपेयी मौजूद मिले। स्कूल में तैनात अन्य चार सहायक अध्यापक व तीन शिक्षामित्र नहीं पहुंचे थे। शौचालय व हैंडवॉश बदहाल मिला। थर्मल स्क्रीनिग की व्यवस्था नहीं थी। प्रधानाचार्य ने बताया कि कक्षा एक में 39 व पांच में 20 बच्चे नामांकित हैं। आज ही थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था करा ली जाएगी। दृश्य दो : सुबह 9.15 बजे। कंपोजिट विद्यालय सिसई में बच्चे पहुंचकर गेट खुलने का इंतजार कर रहे थे। प्राथमिक विद्यालय परिसर के गेट पर ताला लगा होने से बच्चे उच्च प्राथमिक विद्यालय के परिसर में घूमते दिखे। दृश्य तीन : सुबह 9.25 बजे। प्राथमिक विद्यालय बेनीजोत में एक छात्र कुर्सी पर बैठा मोबाइल में व्यस्त दिखाई दिया। वहीं, कई बच्चे बरामदे में बिना मास्क व शारीरिक दूरी के बैठे थे। सहायक अध्यापक नवेद अहमद व शिक्षामित्र आशा सिंह उपस्थित दिखीं। बताया कि इंचार्ज अपूर्वा श्रीवास्तव व शिक्षामित्र निर्मला सिंह अवकाश पर हैं। सहायक अध्यापक निधि सिंह व शिक्षामित्र मोहसिना विद्यालय नहीं पहुंचीं थीं। शौचालय में ताला बंद था। बताया कि स्वच्छता सामग्री इंचार्ज के पास है। इस दौरान छात्र कुतुबुद्दीन व एजाज की मां उन्हें मास्क पहनाते दिखाई दीं। दृश्य चार : सुबह 9.40 बजे। प्रावि मुसीबतपुरवा में बच्चे बाहर मैदान में बिना मास्क व शारीरिक दूरी के बैठे मिले। रसोइया किचन शेड का लेपन कर रहीं थीं। बाहर एक छात्र सिलिडर को पैर से लुढ़काते हुए ला रहा था। प्रधानाध्यापिका प्रेमकुमारी पाठक ने बताया कि कक्षा में नामांकित 20 में से दस व पांच में पंजीकृत 13 में से चार बच्चे आए हैं। बताया कि सभी बच्चों को मास्क दिया गया था, लेकिन कोई लगाकर नहीं आया। दृश्य पांच : सुबह 9.52 बजे। शिक्षा क्षेत्र शिवपुरा के प्राथमिक विद्यालय उपटहवा में शिक्षामित्र चित्ररेखा बच्चों को पढा रहीं थीं। सहायक सतवेन्द्र सिंह की बाइक तुरंत विद्यालय के गेट पर पहुंची थी। प्रधानाध्यापक आशुतोष मिश्र विद्यालय नहीं आए थे। बताया कि पंजीकृत 90 के सापेक्ष 11 उपस्थित हैं। दृश्य छह : समय 10:13 बजे। प्राथमिक विद्यालय बहादुरगंज प्रथम व द्वितीय में बच्चे इधर-उधर गुरुजी को ढूंढ़ रहे थे। एक कमरे में अध्यापक नीरज कुमार बैठे थे। अध्यापक शौलत आरा अंसारी व रिजवान विद्यालय नहीं पहुंचे थे। हैंडपंप के चारों तरफ गंदगी का अंबार था।

वर्जन :::

- सभी प्रधानाचार्यो को स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी गई है। विद्यालय न आने व लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

-डॉ. रामचंद्र, बीएसए

chat bot
आपका साथी