निर्माणाधीन गोमती पुल का पिलर हुआ टेढ़ा, कामकाज ठप

तीन महीने से मशीनरी की खराबी व मजदूरों की कमी से नहीं हो रहा था बभनगवां पुल पर काम।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 11:02 PM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 11:02 PM (IST)
निर्माणाधीन गोमती पुल का पिलर हुआ टेढ़ा, कामकाज ठप
निर्माणाधीन गोमती पुल का पिलर हुआ टेढ़ा, कामकाज ठप

सुलतानपुर : गोमती नदी के बभनगंवा घाट पर निर्माणाधीन पुल का पिलर टेढ़ा होने से निर्माण ठप हो गया है। ऐसे में तीन माह पहले की स्थिति पर ही पुल का काम चल रहा है। अवर अभियंता व परियोजना के जिम्मेदार बरसात व मजदूरों की कमी बताकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं, जबकि इस पुल का निर्माण मार्च तक पूरा किया जाना है।

पुल का दक्षिणी पिलर निर्माण के समय ही टेढ़ा हो गया। तीन महीने पहले निरीक्षण पर पहुंचे जिलाधिकारी रवीश गुप्ता व मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स ने सेतु निगम के उप परियोजना निदेशक मुकेश कुमार से पुल के पिलर के तिरछे होने पर बात कही थी। तब उन्हें बताया गया था कि निर्माण ऊपर आने पर इसको सीधा कर लिया जाएगा। अब चार पिलर में से पुल का दक्षिणी पिलर टेढ़ा होने से करीब तीन माह से पुल का निर्माण कार्य भी बंद है। इस पुल में कुल सात पिलर का निर्माण होना है, जिसमें से चार पिलर निर्माणाधीन हैं।

मशीनरी की खराबी व बरसात को बता रहे कारण :

मार्च 2022 तक पुल का निर्माण पूरा होना है। लेकिन, जिस गति से काम चल रहा है, उससे निर्धारित अवधि में पुल के पूरा होने की उम्मीद नहीं है। कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता मंजीत कुमार साहू ने बताया कि पिलर टेढ़ा होना आम बात है, जिसके स्वरूप में परिवर्तन कर उसे सही कर दिया जाता है। उन्होंने बताया कि मजदूर कम हैं। काम रुका नहीं है, धीरे-धीरे चल रहा है। कार्य स्थल पर मौजूद सेतु निगम के ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि मजदूरों की कमी है। क्रेन व अन्य मशीनरी खराब होने से काम बंद होने की स्थिति में था। अब पुल का निर्माण शुरू करा दिया गया है।

chat bot
आपका साथी