संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू, बीमारी के खिलाफ मिलकर लड़ेंगे जंग

पंचायतीराज व ग्राम्य विकास चलाएंगे स्वच्छता मुहिम आबादी से सुअर बाड़े दूर कराएगा पशुपालन विभाग

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 10:23 PM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 10:23 PM (IST)
संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू, बीमारी के खिलाफ मिलकर लड़ेंगे जंग
संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू, बीमारी के खिलाफ मिलकर लड़ेंगे जंग

बलरामपुर : प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोकहिया पर विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चंदप्रकाश सिंह ने फीता काटकर किया। उन्होंने जागरूकता वाहन व फॉगिग मशीन को हरी झंड़ी दिखाकर रवाना किया। एक माह तक यह अभियान चलेगा।

इसमें पंचायतीराज व ग्राम्य विकास स्वच्छता मुहिम चलाएगा, तो आबादी से सुअर बाड़े को दूर करने का कार्य पशुपालन विभाग करेगा।

सीएमओ डा. विजय बहादुर सिंह ने बताया कि संचारी नियंत्रण अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ पंचायती राज, ग्राम्य विकास, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, समाज कल्याण, कृषि एवं सिचाई, उद्यान व सूचना विभाग को लगाया गया है। पंचायती राज व ग्राम्य व नगर विकास विभाग सफाई अभियान चलाएंगे जबकि पशुपालन विभाग सुअरबाड़ों को आबादी से दूर कराने के लिए मुहिम चलाएगा।

इसी तरह अन्य विभाग भी बीमारी भगाएंगे। संचारी अभियान में ही दस मार्च से 24 मार्च तक दस्तक अभियान भी चलेगा। इसमें आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रत्येक मकान पर क्षय रोग के संभावित रोगियों की सूची तैयार करेंगी। घर-घर भ्रमण के दौरान आशा जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण से छूट गए शिशुओं का पंजीकरण भी करेंगी। परिवार में दिमागी बुखार के कारण दिव्यांग हुए व्यक्ति की सूचना भी निर्धारित प्रपत्र पर एकत्रित की जाएगी। इसके साथ ही राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आगाज भी किया गया। अभियान की प्रगति की समीक्षा प्रत्येक शनिवार अंतर विभागीय समीक्षा बैठक में की जाएगी।

एसीएमओ डॉ. एके सिघल, डॉ. एसके श्रीवास्तव, डिप्टी सीएमओ डॉ. अरुण कुमार, अधीक्षक डॉ. जावेद अख्तर,जिला स्वास्थ शिक्षा अधिकारी अरविद मिश्रा, जिला मलेरिया अधिकारी मंजुला आनंद, यूनिसेफ की जिला समन्वयक शिखा श्रीवास्तव, डॉ. मोहसिन अली उपस्थित रहे।

chat bot
आपका साथी