संसाधन की कमी बता किसानों को लौटा रहे केंद्र प्रभारी

सैंपल के नाम पर किया जा रहा परेशान

By JagranEdited By: Publish:Sat, 31 Oct 2020 09:42 PM (IST) Updated:Sat, 31 Oct 2020 09:42 PM (IST)
संसाधन की कमी बता किसानों को लौटा रहे केंद्र  प्रभारी
संसाधन की कमी बता किसानों को लौटा रहे केंद्र प्रभारी

बलरामपुर ;धान क्रय केंद्र पर कर्मचारियों की कमी का बहाना बताकर किसानों को वापस किया जा रहा है। क्षेत्र में धान की कटाई ने गति पकड़ ली है। दूसरी तरफ केंद्र से किसानों को संसाधनों की कमी बताकर वापस लौटाया जा रहा है। नोडल प्रभारी भी स्थितियां भांप पाने में असहाय साबित हो रहे हैं।

रमवापुर कला निवासी सुखराम ने बताया कि क्रय केंद्र पर उपज बेचने मंगलवार को गए थे। केंद्र प्रभारी ने शुक्रवार के बाद तीन किलोग्राम धान का सैंपल लाने की नसीहत देकर वापस भेज दिया। शनिवार को जब सैंपल लेकर क्रय केंद्र पहुंचा तो वहां तौल प्रभारी मौजूद नहीं थे। प्राइवेट कर्मचारी ने धान का सैंपल रख लिया। साढ़े तीन बजे तक प्रभारी के न आने के कारण उसे वापस लौटना पड़ा। केंद्र प्रभारी निरंकार सिंह का कहना है कि विभागीय काम के कारण वह लगभग चार घंटे केंद्र पर नहीं थे। शासन ने केंद्र पर कर्मचारियों की तैनाती नहीं की है एक आदमी के सहारे क्रय प्रक्रिया सुचारु रूप से नहीं चल पा रही है।

नोडल प्रभारी एसडीएम एके गौड़ का कहना है कि हर किसान का धान खरीदने का शासन का आदेश है। अगर सैंपल लेने के नाम पर किसानों को परेशान किया जा रहा है तो इस पर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी