बारिश से मौसम सुहाना, जलभराव ने बढ़ाई परेशानी

पांच घंटे गुल रही आधे शहर की बिजली बारिश से धान की फसल को मिली संजीवनी

By JagranEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 10:22 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 10:22 PM (IST)
बारिश से मौसम सुहाना, जलभराव ने बढ़ाई परेशानी
बारिश से मौसम सुहाना, जलभराव ने बढ़ाई परेशानी

बलरामपुर: दो दिनों से उमस से परेशान लोगों को रविवार को हुई बारिश ने राहत दिलाई। गर्मी व तपिश के बीच फुहारें पड़ते ही मौसम सुहाना हो गया। खेतों में सूख रही धान की फसलों को जैसे संजीवनी मिल गई, वहीं, शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। बदले मौसम के बीच शहर के कई मुहल्लों की बिजली भी गुल हो जाने से लोगों को दिक्कतें हुईं। बारिश व धूप का खेल दिन भर चलता रहा। इस बीच बिजली न होने से लोग असहज दिखे।

पांच घंटे गुल रही बिजली:

-मौसम के करवट लेने के साथ ही सुबह करीब 10 बजे नगर के सिविल लाइंस, पहलवारा, अचलापुर व छोटा धुसाह की बिजली गुल हो गई। उमस के कारण लोगों का हाल बेहाल रहा। साढ़े तीन घंटे बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई। इसके बाद बारिश होते ही बिजली आपूर्ति पुन: बाधित हो गई। इसके बाद कई बार बिजली कटौती का सिलसिला जारी रहा। झमाझम बारिश के बाद मौसम कुछ देर के लिए तो ठंडा हुआ, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली।

जलभराव की समस्या से जूझे शहरवासी:

रविवार की दोपहर हुई बारिश के बाद नगर के प्रमुख मार्गो व गलियों की जलनिकासी की समस्या गंभीर हो गई। नालियों के किनारे जमा कूड़े के कारण सड़कों पर काफी देर तक जलभराव रहा। गोंडा मार्ग पर रानी धर्मशाला के निकट सड़क पर जलभराव के कारण लोगों को परेशानी हुई। बहराइच मार्ग से झारखंडी रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क पर पानी भर गया। नगर से सटे छोटा धुसाह गांव में भी सड़क के गड्ढों में जलभराव हो जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

ईओ राकेश कुमार जायसवाल का कहना है कि नाले व नालियों की बराबर सफाई कराई जाती है।

chat bot
आपका साथी