सावन के पहले सोमवार को जलाभिषेक को उमड़े भक्त

मंदिरों में कोविड प्रोटोकाल का नहीं हुआ पालन एसपी ने मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 10:31 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 10:31 PM (IST)
सावन के पहले सोमवार को जलाभिषेक को उमड़े भक्त
सावन के पहले सोमवार को जलाभिषेक को उमड़े भक्त

बलरामपुर: शिव आराधना का श्रावण मास शुरू होने के बाद पहले सोमवार पर शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ा। श्रद्धालुओं ने शारीरिक दूरी के तहत भगवान शिव का दर्शन कर जलाभिषेक किया। वातावरण में चारों तरफ बोल बम व ओम नम: शिवाय की गूंज रही। नगर के झारखंडी, उतरौला स्थित दु:खहरणनाथ मंदिर समेत लगभग सभी शिव मंदिरों में कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन नहीं हुआ। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मुस्तैद पुलिसकर्मी भी मास्क व शारीरिक दूरी के नियमों का पालन नहीं करा सके। पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल ने पचपेड़वा के शिवगढ़ धाम व राजापुर भरिया जंगल स्थित शिव मंदिर में जाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

नगर के झारखंडी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतार लग गई। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र व भांग-धतूरा के साथ जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक किया। शिवलिग पर पहले जलाभिषेक करने की श्रद्धालुओं में होड़ रही। मास्क व शारीरिक दूरी के नियमों का पूरी तरह अभाव रहा। इसी तरह धर्मपुर स्थित झारखंडेश्वर महादेव, हरिहरगंज के निकट रेणुकानाथ मंदिर, राजापुर भरिया स्थित जंगली नाथ व पचपेड़वा के शिवगढ़ धाम मंदिरों पर भी श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। यहां भी कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन नहीं हुआ।

वहीं, उतरौला में शिव मंदिरों पर जलाभिषेक करने वालों का तांता लगा रहा। भोर से ही श्रद्धालु नगर क्षेत्र के दु:खहरणनाथ मंदिर, पिपलेश्वर महादेव मंदिर, पंचवटी मंदिर, शिवगढ़ी मंदिरों पर कतारबद्ध होकर खड़े हो गए थे। शिवलिग पर बेलपत्र, दूध, शहद, दूर्वा, गंगाजल, पुष्प, भांग, धतूर से भक्तों ने अभिषेक किया। ग्रामीण क्षेत्र के पेहर, महुआ बाजार, शाहपुर इटई, पिपरा एकडंगा, रमवापुर कला, महदेइया, बक्सरिया, महुआधनी में भी बोल बम के उदघोष के साथ भक्तों ने शिवलिग पर जलाभिषेक किया। नपाप ने कराई साफ-सफाई:

सावन सोमवार के दृष्टिगत नगर पालिका परिषद की ओर से प्रमुख शिव मंदिरों के आसपास सफाई, प्रकाश व पेयजल की व्यवस्था कराई गई। झारखंडी, बिजलीपुर, कालीथान समेत अन्य मंदिरों के पास चूना छिड़काव भी कराया गया। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि शाबान अली व ईओ राकेश कुमार जायसवाल ने मंदिरों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया।

chat bot
आपका साथी