घटा नदी का जलस्तर, तटवर्ती गांवों में कटान की दस्तक

तीसरे दिन मिला नदी में बहे युवक का शव डिपों पर लगवाए गए संकेतक बोर्ड

By JagranEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 10:45 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 10:45 PM (IST)
घटा नदी का जलस्तर, तटवर्ती गांवों में कटान की दस्तक
घटा नदी का जलस्तर, तटवर्ती गांवों में कटान की दस्तक

बलरामपुर: जिले में पिछले दिनों हुई बारिश से राप्ती नदी का जलस्तर लाल निशान के करीब पहुंच गया था। दो दिन से बारिश न होने से नदी का पानी कम होने लगा है। नदी चेतावनी बिदु से नीचे 103.610 मीटर पर बह रही है। नदी का जलस्तर घटने से तटवर्ती गांवों में कटान की चिता सताने लगी है। इससे किसान परेशान हैं।

वहीं, प्रशासन ने बाढ़ से लोगों को बचाने के लिए तहसील स्तर पर राहत कैंप स्थापित कर दिया है। इससे बाढ़ पीड़ितों को कम समय में मदद मिल सके। उधर, ललिया के खुथवा गांव में भैंस को नहलाने के दौरान खुरपिहिवा नदी में बह गए सुरेश यादव का शव तीसरे दिन खैरहनिया गांव के पास पुरानी नदी में मिला।

तीसरे दिन मिला युवक का शव:

ललिया: क्षेत्र के खुथवा गांव निवासी सुरेश शुक्रवार की शाम भैंस को खुरपिहवा नदी में नहला रहा था। इसी बीच वह पानी की तेज धारा में बह गया। ग्रामीणों को जानकारी होने पर उसकी तलाश में गोताखोर लगाए गए। पुलिस व एसडीआरएफ उसकी तलाश में जुटी थी। तीसरे दिन रविवार को खैरहनिया गांव के पास पुरानी नदी में उसका शव उतराता मिला। ललिया थाना प्रभारी उपेंद्र यादव ने बताया कि पिता बच्चा राम यादव की तहरीर पर शव को कब्जे में ले लिया गया है।

डिपों पर बह रहा पानी:

गौरा चौराहा: बूढ़ी राप्ती में उफान के कारण गौरा-तुलसीपुर मार्ग पर स्थित दतरंगवा, सिघवापुर व भुसैलवा डिप पर करीब दो फीट पानी बह रहा है। इस डिप से आसपास के गांव नेवरी, गोदहना, गौरा, परसा पुरैना, सोनपुर, जंबूदीप, कैलाशगढ़ समेत 12 से अधिक गांव के लोगों का आवागमन प्रभावित है। उतरौला से तुलसीपुर जाने वाले लोगों का मुख्य मार्ग यही है। साथ ही इटवा-बिस्कोहर से तुलसीपुर जाने वाले लोगों का आवागमन बाधित हो गया है।

डिपों पर लगाए गए संकेतक:

जिलाधिकारी श्रुति के निर्देश पर तीनों तहसीलों के उप जिलाधिकारियों ने संवेदनशील डिप स्थलों पर जलभराव वाले स्थानों पर लाल झंडिया व संकेतक बोर्ड लगवा दिया गया है। तहसील बलरामपुर में झिन्ने नाला डिप, दतरंगवा डिप, तहसील उतरौला में पिपरा एकडंगा, महुवाधनी देवरिया अर्जुन डिप, तहसील तुलसीपुर में महाराजगंज से बरगदही संपर्क मार्ग डिप पर जलभराव पर लोगों को सचेत करने के लिए संकेतक लगाए गए हैं। इन डिपो पर आवागमन के लिए नाव की व्यवस्था करने का दावा किया जा रहा है। उतरौला एसडीएम डा. नागेंद्र नाथ यादव ने बभनपुरवा, पिपरा, रसूलपुर गांव के पास कटान का निरीक्षण किया।

chat bot
आपका साथी