अध्यक्ष की कुर्सी का ख्वाब, जोड़-तोड़ का लगने लगा हिसाब

सपा ने पूर्व ब्लाक प्रमुख की बहू किरन यादव को बनाया प्रत्याशी भाजपा में प्रत्याशी चयन को लेकर लगाई जा रहीं अटकलें

By JagranEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 09:49 PM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 09:49 PM (IST)
अध्यक्ष की कुर्सी का ख्वाब, जोड़-तोड़ का लगने लगा हिसाब
अध्यक्ष की कुर्सी का ख्वाब, जोड़-तोड़ का लगने लगा हिसाब

बलरामपुर: जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर अपने प्रत्याशी को बैठाने के लिए भाजपा व सपा के दिग्गजों ने सक्रियता बढ़ा दी है। सपा ने किरन यादव को प्रत्याशी बनाकर अपना पत्ता खोल दिया है। भाजपा में अभी प्रत्याशी चयन को लेकर अटकलों का दौर चल रहा है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही दोनों दलों के कद्दावर नेताओं ने जिला पंचायत सदस्यों से संपर्क बढ़ा दिया है। साथ ही जिला पंचायत सदस्यों का प्रमाण पद मंडल मुख्यालय के एक नेता के पास जमा होने की चर्चा फिजाओं में तैर रही है।

बता दें, यहां 40 सीटों पर राजनीतिक दलों के समर्थित व निर्दल उम्मीदवारों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद अब जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा करने के लिए शमशीर खिचने लगी हैं। चुनाव में करारी शिकस्त मिलने के बाद भी भाजपा के लोग अपना अध्यक्ष बनाने के लिए जोड़-तोड़ की रणनीति में जुट गए हैं। वहीं सपा, बसपा व कांग्रेस के लोग निर्दल को मिलाकर नया समीकरण बनाने की कवायद में जुटे हैं। नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य अब किसे अपना अध्यक्ष चुनते हैं, यह अभी भविष्य के गर्भ में हैं। फिलहाल सभी की निगाहें सपा व बसपा समर्थित विजेता सदस्यों पर टिकी हैं।

दलीय स्थित:

जिला पंचायत सदस्य चुनाव में समाजवादी पार्टी ने 40 में सर्वाधिक 13 सीटों पर कब्जा जमाया है। बसपा ने 10, भाजपा ने छह व कांग्रेस ने एक सीट पर जीत हासिल की। 10 निर्दल विजेता भी जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष पद महिला आरक्षित है। सपा ने पूर्व ब्लाक प्रमुख विजय यादव की बहू किरन यादव को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया है। बसपाई पूर्व सांसद रिजवान जहीर के भरोसे हैं। वजह, पूर्व सांसद रिजवान जहीर की पत्नी हुमा रिजवान के चुनाव हारने के बाद अब पार्टी किस पर दांव लगाएगी यह अभी तय नहीं है।

दूसरी तरफ भाजपा ने विधायक गैंसड़ी शैलेश कुमार सिंह शैलू की भाभी रेनू सिंह का निष्कासन रद करते हुए पार्टी में शामिल कर लिया। पार्टी ने अब तक अध्यक्ष पद का प्रत्याशी तय नहीं किया है, लेकिन जिला पंचायत व ब्लाक प्रमुख चुनाव प्रभारी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के दरबार में दावेदार पहुंच रहे हैं।

जादुई आंकड़ा पाने को हो सकता गठजोड़:

जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के लिए 21 सीटों का जादुई आंकड़ा किसी भी दल के पास नहीं है। ऐसे में अध्यक्ष की कुर्सी का फैसला करने में निर्दल विजेता अपनी महती भूमिका निभाएंगे। निर्दलों को अपने पाले में लाने के लिए सपा व बसपा ने गुणा-भाग शुरू कर दिया है।

इसी माह शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया:

सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय राजेश कुमार का कहना है कि अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया इसी माह शुरू होगी। जिलाधिकारी के स्तर से अधिसूचना जारी होते ही प्रक्रिया में तेजी आएगी।

chat bot
आपका साथी