बदमाशों ने की लूटपाट, गोली लगने से किशोर घायल

25 हजार रुपये नकद व दो लाख के लूटे गए जेवरात तीन नकाबपोश बदमाशों ने लाठी-डंडे से पीटकर एक को किया अधमरा

By JagranEdited By: Publish:Sat, 11 Sep 2021 10:28 PM (IST) Updated:Sat, 11 Sep 2021 10:28 PM (IST)
बदमाशों ने की लूटपाट, गोली लगने से किशोर घायल
बदमाशों ने की लूटपाट, गोली लगने से किशोर घायल

बलरामपुर: क्षेत्र के धौरीखुर्द गांव निवासी प्रवीण मंडल के घर में शुक्रवार की रात नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। नकदी, जेवरात लेकर भागते समय प्रवीण की पत्नी टुकू मंडल जाग गई। रोकने पर बदमाशों ने प्रवीण के भाई रणजीत मंडल को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। विरोध करने पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली प्रवीण के पुत्र प्रणव मंडल के सीने में लग गई। घायलों का इलाज बहराइच में चल हा है।

पीड़िता टुकू मंडल ने बताया कि घर पर फेना बैंक, डेयरी व चिकित्सीय कार्य परिवारजन करते हैं। शुक्रवार की रात भोजन के बाद सभी लोग दरवाजे के सामने सो गए। घर के दरवाजे में ताला नहीं लगा था। चैनल गेट खुला था। रात में करीब एक बजे बदमाश लाठी-डंडा व असलहा से लैस होकर पहुंच गए। घर में रखी नकदी व जेवरात लेकर भागने लगे। इसी बीच आंख खुल गई तो शोर मचाया। शोर सुनकर पहुंचा उसका देवर रणजीत बदमाशों से भिड़ गए। बदमाशों ने उसे लाठी-डंडे से पीटकर उसे अधमरा कर दिया। विरोध करने पर एक बदमाश ने तमंचा निकालकर फायर कर दिया। गोली उसके 17 वर्षीय बेटे प्रणव के सीने में लगी।

इसके बाद बदमाश 25 हजार रुपये नकद व करीब दो लाख रुपए के जेवरात लेकर फरार हो गए। दो मोबाइल सागौन के बाग में मिले हैं। घायलों को पुलिस ने सीएचसी शिवपुरा में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर बहराइच रेफर कर दिया।

प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि टुकू मंडल की तहरीर पर तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला व घर में घुसकर मारपीट करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर में लूटपाट का जिक्र नहीं है। छानबीन की जा रही है।

chat bot
आपका साथी