सर्वस्पर्शी विकास की राह से जन विश्वास की चाह

गांवों को जोड़ने वाली 217 व नगर पालिका क्षेत्र में 34 सड़कों के निर्माण से तस्वीर बदलने का प्रयास

By JagranEdited By: Publish:Fri, 20 Aug 2021 11:26 PM (IST) Updated:Fri, 20 Aug 2021 11:26 PM (IST)
सर्वस्पर्शी विकास की राह से जन विश्वास की चाह
सर्वस्पर्शी विकास की राह से जन विश्वास की चाह

बलरामपुर : 2017 से आज साढ़े चार साल का समय बीत गया। जनता की अदालत में एक बार फिर जाने का मौका आ रहा है। इस अवधि में कराए गए विकास कार्यों और आमजन के सुख दु:ख में साथ खड़े होने के दावों की हकीकत की परीक्षा देने का समय आने में कुछ माह ही बचे हैं। संगठन से लेकर आमजन की अपेक्षाएं भी तेजी से बढ़ रहीं हैं। इसमें संतुलन बनाने के लिए सदर विधायक पल्टूराम को गोंडा से प्रतिदिन बलरामपुर आने का दबाव बढ़ा है। भाजपाई सदर विधानसभा में अब तक हुए कार्यों को मील का पत्थर बता रहे हैं। वहीं विपक्षी सिर्फ कागजी विकास का पुलिदा बता रहे हैं। विधायक ने जनता के सामने अपने कार्यों को बताने के लिए 'हमारा प्रयास बलरामपुर का पूर्ण विकास' नाम से पुस्तक वितरित की है। इसमें गांवों को जोड़ने वाली 217 प्रमुख सड़कों के साथ नगर पालिका परिषद बलरामपुर में डूडा से 34 गलियों में इंटरलाकिग और सीसी सड़क का निर्माण प्रमुख है। बहुप्रतीक्षित फुलवरिया बाइपास मार्ग के चौड़ीकरण और रेलवे पटरी पर ओवरब्रिज का निर्माण शुरू कराना बड़ी उपलब्धियों में है, लेकिन बहराइच मार्ग पर झारखंडी मंदिर के पास प्रस्तावित ओवरब्रिज का बजट वापस होना कमजोर कड़ी है।

साढ़े चार साल में सिर्फ सात नलकूप :

किसानों की आय दोगुनी करने के की सच्चाई कुछ भी हो, लेकिन सदर विधान सभा में विधायक के प्रयास से सिर्फ सात नलकूप लगे। इसमें वर्ष 2017-18 में ग्राम कोलवा रामपुर, गनवरिया छितौनी, गैंजहवा, चौखड़ा गौरा त्रिकौलिया व सोनार में लगा। 2019-2020 में श्रीदत्तगंज के गुलरिया खास व खुटेहना गांव में फसलों की सिचाई के लिए नलकूप लगवाने का कार्य किया। पाइपलाइन पेयजल योजना से ग्रामीणों को शुद्ध पानी मुहैया कराने के लिए 1370.33 लाख रुपये खर्च किया। इससे पिपरी-कोल्हुई में 289.51 लाख, देवरांवा में 150.44, गुमड़ी में 472.77, सोनपुर में 260.04 और कलवारी में 197.57 लाख रुपये की परियोजना दी। सांसों के लिए निधि से दिए 40 लाख :

कोरोना काल के कारण विधायक निधि बराबर नहीं मिली। उसकी भरपाई के लिए सरकार से चालू वित्तीय वर्ष में तीन करोड़ रुपये मिलेंगे। निधि से लैपटाप और कंप्यूटर के साथ गांवों में इंटरलाकिग कार्य कराने पर खर्च किया। आक्सीजन प्लांट के लिए 25 लाख व आक्सीजन कंसंट्रेटर के लिए 15 लाख रुपये दिए। मुख्यमंत्री विवेकाधीन से 123 लोगों को सहायता दिलाई। झारखंडी मंदिर के पास बनेगा ओवरब्रिज : विधायक

कोरोना संक्रमण से लोगों की सुरक्षा के साथ ही तेजी से विकास कराया है। योगी सरकार ने सड़कों के लिए बजट की कमी नहीं आने दी। बचे दिनों में झारखंडी मंदिर के पास ओवरब्रिज, खगईजोत-रामपुर, बालपुर-तिलकपुर, महेशभारी- भैंसहवा घाट मार्ग चौड़ीकरण व देवरिया-रानीजोत मार्ग प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत का प्रस्तावित है। शीघ्र ही मंजूरी मिलेगी। बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदनगर को गोद लेने के बाद वहां 10 आक्सीजन कंसंट्रेटर व आरओ प्लांट उपलब्ध कराया। अस्पताल तक सीसी सड़क व एक पुलिया के लिए बजट दिया। घूघुलपुर में 220 केवी विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कराया। गौरा चौराहा, धुसाह, चौरखाता में विद्युत उपकेंद्र प्रस्तावित है। विकास नहीं चुनावी लालीपाप : शिवलाल

2017 के चुनाव में रनर रहे कांग्रेस के शिवलाल का कहना है कि विधान सभा क्षेत्र में विकास का सपना दिखाया गया है। असल में कहीं कुछ नहीं दिखता है। चुनावी साल है तो लालीपाप दिया जा रहा है। कांग्रेस के कार्यों व योजनाओं को अपना बताकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। सड़कों की हालत सभी को पता है। गोंडा मार्ग पर सिर्फ गड्ढा ही है। किसी से कुछ छिपा नहीं है। सरकार के झूठ का जवाब आमजन देने के लिए उतावले हैं। किसान, युवा सब कांग्रेस को विकल्प के रूप में देख रहे हैं। जनता के बोल :

तेजी से हुआ विकास :

- विकास कार्यो को गति मिली है। फुलवरिया बाइपास मार्ग रेलवे ओवरब्रिज के न बनने से बंद था। अब निर्माण चालू है। इससे शहरवासियों को बड़ी समस्या से निजात मिल जाएगी। बहराइच से गोंडा और उतरौला जाने वालों को नगर में प्रवेश नहीं करना पड़ेगा।

- बृजेंद्र तिवारी, नागरिक गुणवत्ता पर सवाल :

डूडा से नगर की सड़कों का निर्माण होने से आवागमन में सुविधा हुई है, लेकिन गुणवत्ता ठीक न होने के कारण टूटने लगी है। झारखंडी मंदिर के पास बहराइच मार्ग पर ओवरब्रिज का निर्माण जरूरी है। रेलवे फाटक बंद होते ही जाम लगा जाता है। - राजेंद्र गुप्त, व्यापारी महिलाओं को मिला सम्मान:

मिशन शक्ति से आधी आबादी का सम्मान बढ़ा है। रात में भी महिलाएं निडर होकर घर से बाहर निकल रही है। विधायक के प्रयास से नगर क्षेत्र में भी तेजी से विकास हुआ है। महिला अस्पताल में सेवा सुधारने की चुनौती है। - दविदर कौर, गृहणी सरकारी अस्पतालों की नहीं सुधरी सेहत :

सड़कें बनी अच्छी बात है। इसके साथ आमजन की सेहत का ख्याल रखना बहुत आवश्यक है। सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की मनमानी से जनता बेहाल है। दवाएं और जांच बाहर से कराने का खेल बंद करने की चुनौती है। - प्रदीप शुक्ल, युवा 294- बलरामपुर सदर

- कुल मतदाता - 4,14,977 - पुरुष मतदाता - 2,28,444

- महिला मतदाता - 1,86,523

chat bot
आपका साथी