'विकास होगा भाजपा का मुख्य मुद्दा'

प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं ने विधानसभा वार बैठकों और संपर्क अभियान का दौर शुरू कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 25 Aug 2021 10:45 PM (IST) Updated:Wed, 25 Aug 2021 10:45 PM (IST)
'विकास होगा भाजपा का मुख्य मुद्दा'
'विकास होगा भाजपा का मुख्य मुद्दा'

बलरामपुर: विधानसभा चुनाव की आहट धीरे-धीरे सरगर्मी में बदलती दिख रही है। प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं ने विधानसभा वार बैठकों और संपर्क अभियान का दौर शुरू कर दिया। नेता जीत के इरादे से चुनावी समर उतरने की तैयारी में जुट गए हैं। भाजपा पूरी ऊर्जा के साथ जोर-शोर से जुटी है। आगामी चुनाव में भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ के नाम और विकास कार्यो व माफिया राज के खात्मे को मुद्दा बनाकर जनता की अदालत में उतरेगी। विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने अमित श्रीवास्तव से विशेष बातचीत की। प्रस्तुत है इसके मुख्य अंश.. - विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की क्या तैयारी है?

-वर्ष 2017 में मिली बंपर जीत के बाद भी भाजपा कार्यकर्ता जनता के सुख-दु:ख में बराबर शामिल होते हैं। पार्टी पूरी तरह सजग है। सत्ता की खुमारी किसी पर नहीं चढ़ी है। बूथ स्तर पर 21 कार्यकर्ताओं की टीम बनी है। पांच युवाओं की बाइक टोली और पांच-पांच का वाट्सएप ग्रुप बनाकर बूथ के मतदाताओं से सीधा संवाद किया जा रहा है। उनकी समस्याओं का निस्तारण और पात्रों को योजना का लाभ दिलाने का काम किया जा रहा है। 60 मतदाताओं पर एक पन्ना प्रभारी बनाया गया है, जो मतदाता सूची के एक पन्ने के वोटरों से बराबर संपर्क में है। पोलिग कराने की जिम्मेदारी भी पन्ना प्रभारियों की है। - चुनाव जीतने के लिए मुख्य रूप से क्या रणनीति बनाई गई है?

- जिले की सभी चार सीटों पर पुन: जीतने के लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ता सक्रिय हैं। उन्हें प्रशिक्षित किया जा रहा है। बूथ सत्यापन का कार्य शुरू कर दिया गया है। कार्यकर्ताओं के मोबाइल नंबर से संपर्क कर उनको सक्रिय किया जा रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ की योजनाओं को धरातल पर पहुंचा कर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंतिम व्यक्ति को लाभ देने के सपने को साकार करने के लिए कार्यकर्ता गांव-गांव संपर्क कर रहे हैं। सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास जीतने का काम सरकार ने किया गया। - वर्तमान विधायकों का क्या टिकट बदला जा सकता है। चर्चाएं तेज हैं?

- चारों विधायकों का अब तक का कार्य अच्छा है। फिलहाल टिकट बदलने की बात कोरी अफवाह है। वैसे संगठन पूरी तरह चुनाव को लेकर तैयार है। पार्टी हाईकमान जिसे प्रत्याशी बनाएगा, उसको सोचने की जरूरत नहीं है। हर हाल में जीतने के उद्देश्य से संगठन सक्रिय है। योजना का लाभ सभी वर्ग के लोगों को एक समान रूप से मिला है। चार साल पहले तक जो लोग बिचौलियों के सहारे योजना का लाभ लेते थे। भाजपा के सत्ता में आते ही सीधे लाभ मिलने लगा। इसका लाभ चुनाव में मिलेगा। - चुनाव में मुख्य एजेंडा क्या होगा?

- पिछली गैर भाजपा सरकारों ने जनता का सिर्फ शोषण किया। किसान सम्मान निधि, पीएम आवास, उज्ज्वला रसोई गैस समेत अन्य योजनाओं का लाभ पात्रों को सीधे मिल रहा है। कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए भी पार्टी कार्य कर रही है। ग्राम पंचायत स्तर पर दो कार्यकर्ताओं एक महिला व एक पुरुष को लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई है। वैक्सीनेशन के साथ कोरोना से बचाव के प्रति सचेत किया जा रहा है। - विपक्षियों के जातीय समीकरण को साधने के लिए क्या करेंगे?

- भाजपा राष्ट्र सेवा के उद्देश्य को लेकर राजनीति कर रही है। सपा व कांग्रेस परिवारवाद और जातिवाद के लिए कुर्सी चाहती है। भाजपा में यही अंतर है। पार्टी के छोटे से छोटे कार्यकर्ता को भी पद मिलता है। इसका उदाहरण जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी है। अन्य दलों में परिवार को प्राथमिकता दी जाती है। भाजपा में सभी जाति के लोगों का सम्मान है। दूसरे दल के लोगों ने बड़ी संख्या में पार्टी की सदस्यता ली है। - साढ़े चार साल के कार्यकाल में आपने क्या किया कि जनता आपको दोबारा चुने?

- आपको पहले ही बता चुका हूं कि हम लोग सत्ता में आने के बाद भी जनता के बीच में ही रहे। किसानों, नौजवानों, व्यापारियों को योजनाओं से जोड़ा। उनकी समस्याओं को सुलझाने का काम किया। व्यापारियों से वसूली करने वालों को सलाखों में डाला गया। गरीबों की जमीन पर जबरन कब्जा करने वालों की संपत्ति सरकार ने जब्त करने की कार्रवाई की।

chat bot
आपका साथी