गायब हुए स्कूलों के कंप्यूटर, अफसर खामोश

नीति आयोग की थाप पर परिषदीय स्कूलों को स्मार्ट बनाने की कवायद की ज

By JagranEdited By: Publish:Fri, 19 Nov 2021 09:46 PM (IST) Updated:Fri, 19 Nov 2021 09:46 PM (IST)
गायब हुए स्कूलों के कंप्यूटर, अफसर खामोश
गायब हुए स्कूलों के कंप्यूटर, अफसर खामोश

श्लोक मिश्र, बलरामपुर :

नीति आयोग की थाप पर परिषदीय स्कूलों को स्मार्ट बनाने की कवायद की जा रही है। वहीं 22 उच्च प्राथमिक स्कूलों को तीन साल पहले आवंटित कंप्यूटर का अता पता नहीं है। वर्ष 2006-07 से वर्ष 2011-12 के बीच जिले के 114 स्कूलों को भी कंप्यूटर दिए गए थे। अधिकांश स्कूलों में बिजली न होने से कंप्यूटर गुरुजनों के घर की शोभा बन गए। पूर्व में आवंटित कंप्यूटरों की जांच दबाकर नये कंप्यूटर का बजट भी डकार लिया गया। वर्तमान में कंप्यूटर कहां है, इसका जवाब जिम्मेदारों के पास नहीं है।

100 से अधिक छात्र संख्या वाले 22 स्कूलों के नौनिहालों को कंप्यूटर में दक्ष बनाने के लिए साढ़े 27 लाख रुपये खर्च तो हुए, लेकिन बच्चों को इसका फायदा मिल नहीं पाया। पहले विभाग ने जिले के 12 अधोमानक पूर्व माध्यमिक विद्यालयों का चयन कर 15 लाख का बजट अवमुक्त करा लिया। इसके बाद कंप्यूटर लगाने के लिए 10 नए उच्च प्राथमिक विद्यालय और चयनित किए गए। इसके लिए विभाग को 12.5 लाख रुपये मिले। अधिकांश स्कूलों में कंप्यूटर अनुदेशक की तैनाती व बिजली कनेक्शन न होने से गुरुजी के घरों में कंप्यूटर धूल फांक रहे हैं।

बिजली न टीचर, कैसे हुआ चयन : शिक्षा क्षेत्र तुलसीपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय भंभरी के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार ने बताया कि विद्यालय में कंप्यूटर रखा है। अनुदेशक न होने से तीन साल से धूल फांक रहा है। उच्च प्रावि मिर्जापुर के प्रधानाध्यापक छेदीराम ने बताया कि विद्यालय में चोरी होने के डर से एक कंप्यूटर घर पर रखा है। दूसरा कंप्यूटर तत्कालीन खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार ले गए थे। वह बीआरसी पर लगा हुआ है। गैंड़ासबुजुर्ग शिक्षा क्षेत्र के उच्च प्रावि सोनहट के एसएमसी अध्यक्ष नईमुल्ला खान ने बताया कि विद्यालय में चोरी होने के डर से कंप्यूटर घर पर रख दिया है। अनुदेशक की तैनाती है और न विद्यालय का विद्युतीकरण हुआ है। हर्रैया सतघरवा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवपुरा में कंप्यूटर स्कूल में नहीं है। बताया कि यहां का कंप्यूटर बरदौलिया विद्यालय में रखा है। चयनित स्कूल: शिक्षा सत्र 2018-19 में 22 उच्च प्राथमिक स्कूलों को कंप्यूटर आवंटित किया गया था। इसमें शेखापुर, तिसाह, बेलहसा, सदाडीह, मजगवां, बरगदवा सैफ, सोनहट जिगनाघाट, सहजौरा, गैंड़हवा व भंभरी पहले ही चयनित थे। नए स्कूलों की सूची में बहादुरगंज, देवपुरा, बरदौलिया, रसूलाबाद, परसा पलईडीह, मिर्जापुर, सहजौरा, बरायल, सिरसिया, आबर, अजबनगर व गंगाडीह को शामिल किया गया। कोइलिहा व भैरमपुर का नाम हटा दिया गया है।

ली जाएगी जानकारी : बीएसए डा. रामचंद्र का कहना है कि कंप्यूटर के बारे में जानकारी ली जाएगी। स्कूलों में कंप्यूटर पहुंचाकर बच्चों को लाभ दिलाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी