सावधान ! बाजार में फर्जी अधिकारी, लुट रहे व्यापारी

फर्जी खाद्य सुरक्षा अधिकारी बन व्यापारियों से कर रहा धनउगाही कार्रवाई से कतरा रहा खाद्य सुरक्षा विभाग

By JagranEdited By: Publish:Sun, 19 Sep 2021 10:23 PM (IST) Updated:Sun, 19 Sep 2021 10:23 PM (IST)
सावधान ! बाजार में फर्जी अधिकारी, लुट रहे व्यापारी
सावधान ! बाजार में फर्जी अधिकारी, लुट रहे व्यापारी

बलरामपुर: जिले में मिलावटी खाद्य सामग्री पकड़ने वाले विभाग के सामने अब नकली अधिकारी ढूंढ़ने की चुनौती आ गई है। कई दिनों से जिले के ग्रामीण इलाकों में एक व्यक्ति खुद को खाद्य सुरक्षा अधिकारी बताकर व्यापारियों से धन उगाही कर रहा है।

हैरत की बात तो यह है कि पकड़े जाने के बाद भी खाद्य सुरक्षा महकमा उसके खिलाफ तहरीर देने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। अधिकारी व्यापारियों से आगे आने की मनुहार कर पीछे हट जाते हैं। कानूनी दांवपेच से बचने के लिए व्यापारी भी हाथ खड़े कर लेते हैं। इससे फर्जी खाद्य सुरक्षा अधिकारी का मनोबल बढ़ता जा रहा है।

तहरीर देने की नहीं हिम्मत:

श्रीदत्तगंज के कांदभारी में गुरुवार को विनोद मोदनवाल की दुकान पर एक युवक पहुंचा। खुद को खाद्य सुरक्षा अधिकारी बताकर जांच की बात कही। कार्रवाई की डर दिखाकर उसने व्यापारी से पांच हजार रुपये ऐंठ लिए। उसके जाने के बाद व्यापारी ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद पांडेय को सूचना दी, तो वह हैरान रह गए। व्यापारी ने तथाकथित खाद्य सुरक्षा अधिकारी की फोटो भी दी।

बावजूद इसके थाने पर तहरीर नहीं दी गई। शनिवार को ललिया के कोड़री बाजार में वही युवक होटल पर चाय पीने आया। खुद को खाद्य सुरक्षा अधिकारी बताकर खराब चायपत्ती होने की बात कहकर वीडियो बनाने लगा। होटल मालिक व अन्य व्यापारियों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस उसे थाने तो ले आई, लेकिन बाद में लीपापोती कर सुलह करा दी गई। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने तहरीर देने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। अब सवाल यह है कि जिम्मेदार महकमा जानबूझकर आरोपित पर कार्रवाई से क्यों कतरा रहा है। ऐसे में, व्यापारी लुटने को मजबूर हैं।

मैं कैसे कराऊं एफआइआर:

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार पांडेय का कहना है कि मैं आरोपित के खिलाफ एफआइआर कैसे करा सकता हूं। जिन व्यापारियों से धनउगाही हुई, वह आगे ही नहीं आ रहे हैं।

कराई जाएगी जांच:

अपर जिलाधिकारी राम अभिलाष का कहना है कि खाद्य सुरक्षा प्रशासन का मामला संज्ञान में होने के बाद भी खामोश है, यह निराशाजनक है। मामले की जांच कराकर ऐसा करने वाले युवक के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई जाएगी। व्यापारियों को भी जागरूक किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी