दो मार्ग दुर्घटनाओं में एक की मौत, 17 घायल

बेसहारा जानवर के सामने आने से गड्ढे में पलट गई मछुआरों से भरी पिकअप महिला को स्कार्पियो ने मारी ठोकर

By JagranEdited By: Publish:Sat, 11 Sep 2021 10:15 PM (IST) Updated:Sat, 11 Sep 2021 10:15 PM (IST)
दो मार्ग दुर्घटनाओं में एक की मौत, 17 घायल
दो मार्ग दुर्घटनाओं में एक की मौत, 17 घायल

बलरामपुर: गैंसड़ी बाजार से मछली बेच कर वापस लौट रहे व्यापारियों से भरी पिकअप शुक्रवार की देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चयपुरवा गांव के पास गाय के सामने आ जाने से अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। पिकअप में सवार नई बाजार निवासी गंगासागर उर्फ नावगोड़े की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पुरानी बाजार निवासी राम कुबेर व कल्लू की हालत गंभीर है।

दूसरी ओर इसी मुहल्ले के आसिफ, नथुनिया मोड़ निवासी अंसार, मोहम्मद अयूब, बड़गौ के ओंकार, गोलू, नानबाबू, सेखुइनिया कला निवासी वीरेंद्र, जगदीश, सुरेश व लवकुश समेत 17 लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर व निजी अस्पताल में चल रहा है।

उधर, शुक्रवार की रात राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित डालपुर बकौली गांव के पास घर के सामने नल से पानी लेकर जा रही गुड़िया पत्नी मदन लाल गुप्त को पचपेड़वा की ओर से आ रही स्कार्पियो ने ठोकर मार दी। उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

बताया जाता है कि मछली व्यापारियों का एक समूह गैंसड़ी बाजार में व्यापार करने के बाद रात में घर लौट रहा था। रास्ते में चयपुरवा गांव के पास हादसा हो गया। दुर्घटना होते ही चीख-पुकार मच गई। जो जहां था मदद के लिए घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा।

स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकाला। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से एक पिकअप के जरिए घायलों को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सक ने गंगासागर को मृत घोषित कर दिया। जबकि सात घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है। वहीं, सात अज्ञात घायलों का इलाज निजी अस्पताल में किया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक जयदीप दुबे का कहना है कि घायलों का इलाज चल रहा है।

उधर, दूसरी तरफ गैंसड़ी के डालपुर बकौली गांव निवासिनी गुड़िया देवी शुक्रवार रात करीब 10 बजे घर के सामने नल से पानी लाने गई थी। इसी बीच पचपेड़वा की ओर से आ रही सफेद रंग की स्कार्पियो ने उसे ठोकर मार दी। गुड़िया के सिर में गहरी चोट आई है। दुर्घटना के बाद चालक स्कार्पियो लेकर फरार हो गया। निजी क्लीनिक पर प्राथमिक उपचार के बाद गुड़िया को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

इस संबंध में उपनिरीक्षक आशीष कुमार सिंह ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है।

chat bot
आपका साथी