मारवाड़ी परिवार के करवा चौथ का अनूठा अंदाज

उत्सव का आयोजन कर होता है मिस करवा चौथ का चुनाव प्रतियोगिताओं में मचता है धमाल

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 10:40 PM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 10:40 PM (IST)
मारवाड़ी परिवार के करवा चौथ का अनूठा अंदाज
मारवाड़ी परिवार के करवा चौथ का अनूठा अंदाज

बलरामपुर: यूं तो करवा चौथ पर पति की दीर्घायु के लिए चंद्र दर्शन के बाद पूजन व व्रत तोड़ने का विधान है। इससे इतर शहर में रहने वाली मारवाड़ी परिवार की महिलाएं इस व्रत को अनूठे ढंग से मनाती हैं। इस दिन मारवाड़ी परिवार की सुहागिनें दोपहर में ही सज-धज कर एक स्थान पर एकत्रित होती हैं। करीब छह घंटे की पूजा-अर्चना के बीच करवा थाल सजावट प्रतियोगिता का आयोजन करतीं हैं। करवा चौथ के किस्सों के बीच न सिर्फ उनका मनोरंजन होता है, बल्कि चंद्र दर्शन के इंतजार का समय भी आसानी से कट जाता है।

मिस करवा चौथ प्रतियोगिता में मचती होड़:

करवाचौथ को लेकर सर्वसमाज की सुहागिन महिलाओं में गजब का उत्साह रहता है। नगर के निर्धारित स्थल पर श्रृंगार के साथ महिलाएं एकत्र होकर करवा चौथ उत्सव का आयोजन करतीं हैं। इस उत्सव में सेल्फी कार्नर, स्नैक्स कार्नर, म्यूजिक गेम, फैंसी ड्रेस सहित कई प्रतियोगिताओं का आयोजन होता है। करवा चौथ से जुड़े गानों पर पिया के प्रेम में मतवाली महिलाएं खूब थिरकतीं हैं। सभी प्रतियोगिताओं में अव्वल आने वाली सुहागिनों को मिस करवा चौथ चुना जाता है। इसके बाद सुहागिनें अपने घर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन व चंद्रदर्शन के बाद व्रत तोड़ती हैं।

दो साल बाद आयोजन को लेकर उत्साह:

आयोजक शिवांगी अग्रवाल व प्रियंका सर्राफ बताती हैं कि करवा चौथ उत्सव में सुहागिनें खूब धमाल मचातीं हैं। कोरोना महामारी के कारण पिछले दो साल से इस उत्सव का आयोजन नहीं हो सका है। इस बार महामारी का प्रभाव कम है। करवा चौथ पर दो साल बाद उत्सव के आयोजन को लेकर सुहागिनों में उत्साह है। सर्वसम्मति होने पर उत्सव का निर्धारण कर सभी को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से सूचना दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी