भाजपा नेता की हत्या में शामिल दो आरोपित गिरफ्तार, हटाए गए दो सिपाही

नामजद पांचों आरोपितों तक नहीं पहुंचे पुलिस के हाथ मुख्य आरोपित का ईट-भट्ठा कार्यालय गिराने को लेकर संशय

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 10:17 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 10:17 PM (IST)
भाजपा नेता की हत्या में शामिल दो आरोपित गिरफ्तार, हटाए गए दो सिपाही
भाजपा नेता की हत्या में शामिल दो आरोपित गिरफ्तार, हटाए गए दो सिपाही

बलरामपुर: क्षेत्र के बल्दीडीह गांव निवासी भाजपा नेता कृष्ण प्रकाश शुक्ल की हत्या के तीन दिन बाद पुलिस ने कार्रवाई का डंडा चलाना शुरू कर दिया है। पुलिस ने हत्या में शामिल रामनिवास यादव निवासी पिपरहवा व बच्चाराम यादव निवासी मोल्हूपुरवा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। नामजद पांचों आरोपितों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल ने मृतक के परिवारजन की शिकायत पर आरक्षी संजय पांडेय व उपेंद्र सिंह को हर्रैया थाना से हटा दिया है।

उधर मुख्य आरोपित राकेश उर्फ राजेश यादव का ईंट भट्ठा का कार्यालय ढहा दिया गया है। इसे पुलिस ने ढहाया या ग्रामीणों ने, इसे लेकर संशय बरकरार है।

क्षेत्र के धामपुर से भाजपा सेक्टर प्रभारी कृष्ण प्रकाश शुक्ल की सोमवार को ट्रैक्टर से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। मृतक के भतीजे नीरज शुक्ल ने कटकुइयां गांव निवासी राकेश उर्फ राजेश यादव, उसके भाई उमाकांत, बेटे राहुल, सतीश व भुलभुलिया निवासी जितेंद्र पांडेय को नामजद करते हुए तहरीर दी थी। हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घटना वाले दिन भाजपाइयों व ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्का जाम किया था।

अपर जिलाधिकारी राम अभिलाष के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया था। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ने मृतक के स्वजन से मुलाकात कर शीघ्र ही हत्यारों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था। पुलिस ने विवेचना के दौरान राम निवास यादव व बच्चाराम यादव की संलिप्तता पाते हुए गिरफ्तार कर लिया। हालांकि नामजद आरोपितों की गिरेबां तक अब तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंच सके हैं।

किसने ढहाया ईट-भट्ठा कार्यालय:

भाजपा नेता के हत्यारोपितों का ईट-भट्ठा कार्यालय मंगलवार की रात अज्ञात रूप से ढहा दिया गया। सुबह जानकारी होने पर तहसीलदार शेख आलमगीर, खनन निरीक्षक सुखेंद्र सिंह, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी आरके मालवीय ने भट्ठे का जायजा लिया। साथ ही कटकुइयां, भड़सहिया व मोल्हूपुरवा में सचालित भट्ठे व अवैध जमीन के बारे में ग्रामीणों से जानकारी ली।

जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपित:

प्रभारी निरीक्षक जयदीप दुबे का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही सभी आरोपित सलाखों के पीछे होंगे। इस हत्याकांड से आसपास के ग्रामीण उग्र हैं। भट्ठा कार्यालय किसने ढहाया है, इसकी जानकारी नहीं है।

chat bot
आपका साथी