अवैध वसूली का चल रहा खेल, नियमों की उड़ रहीं धज्जियां

नगर में प्रवेश करने वाले वाहनों से वसूला जा रहा शुल्क इटवा चौराहा पर रोज होता विवाद

By JagranEdited By: Publish:Mon, 04 Oct 2021 10:26 PM (IST) Updated:Mon, 04 Oct 2021 10:26 PM (IST)
अवैध वसूली का चल रहा खेल, नियमों की उड़ रहीं धज्जियां
अवैध वसूली का चल रहा खेल, नियमों की उड़ रहीं धज्जियां

बलरामपुर: नगर क्षेत्र में प्रवेश करने वालों से अवैध वसूली का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नगर के इटवा चौराहा टैक्सी स्टैंड पर ठेकेदार के गुर्गे वाहन अड्डा शुल्क के नाम पर नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। इसे लेकर आए दिन वाहन चालकों व वसूली करने वालों में विवाद भी हो रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल प्लाजा होने से बाहर जा रहे वाहनों से वसूली न करने का निर्देश जारी हो चुका है। बावजूद इसके वसूली करने वाले मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं। अधिकारी विवाद होने पर समझौता कराकर कर्तव्यों की इतिश्री कर लेते हैं। इससे ठेकेदार के गुर्गो का मनोबल बढ़ता जा रहा है।

नगर पंचायत तुलसीपुर के टैक्सी स्टैंड की नीलामी अप्रैल में 27 लाख रुपये में हुई थी। तबसे नगर के हर्रैया चौराहा व इटवा चौराहा पर नगर में प्रवेश करने वाले वाहनों से शुल्क वसूल किया जा रहा है। इसकी आड़ में ठेकेदार के गुर्गे नगर में प्रवेश न करके सीधे अन्य जिलों को जाने वाले वाहनों से भी जबरन वसूली करते हैं।

दो जुलाई से राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित टोल प्लाजा भी शुरू हो गया है। इससे वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर भी निर्धारित शुल्क जमा करना पड़ता है। आगे बढ़ने पर नगर से बाहर जाने वाले इटवा चौराहा होकर गुजरते हैं। यहां बने वाहन अड्डा के कर्मचारी बाहर जा रहे इन वाहन चालकों को रोक लेते हैं। इसे लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

विवाद पर हुआ था चक्का जाम:

राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित इटवा चौराहा पर रविवार को अवैध वसूली को लेकर लखीमपुर निवासी ट्रक चालक रियासत अली व वसूली कर्मी के बीच मारपीट हो गई थी। वसूली कर्मी ने पत्थर मारकर ट्रक को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इससे नाराज ट्रक चालक ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम कर दिया था। पुलिस ने दोनों को थाने बुलाकर समझौता करा दिया।

कराई जाएगी जांच:

अधिशासी अधिकारी संपूर्णानंद का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगर से बाहर जा रहे वाहनों से वसूली न करने की हिदायत पूर्व में दी जा चुकी है। इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी