गाने की फरमाइश को लेकर विवाद में युवक की हत्या

जागरण संवाददाता पूर (बलिया) खेजुरी थाना अंतर्गत ग्राम कसमापुर में 32 वर्षीय युवक की लाठी-ड

By JagranEdited By: Publish:Wed, 24 Nov 2021 04:27 PM (IST) Updated:Wed, 24 Nov 2021 04:27 PM (IST)
गाने की फरमाइश को लेकर विवाद में युवक की हत्या
गाने की फरमाइश को लेकर विवाद में युवक की हत्या

जागरण संवाददाता, पूर (बलिया) : खेजुरी थाना अंतर्गत ग्राम कसमापुर में 32 वर्षीय युवक की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। इससे गांव में दहशत फैल गई। स्वजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।

मंगलवार की रात गांव में बीरबल पुत्र हरिराम के यहां बरात आई थी। इस दौरान आर्केस्ट्रा चल रहा था। उसी में गाने की फरमाइश को लेकर संतोष भारती पुत्र मिट्ठू राम की गांव के ही कुछ युवकों से कहासुनी होने लगी। बात धीरे-धीरे बढ़ती गई और आरोपितों ने लाठी-डंडे से संतोष भारती को पीटना शुरू कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अधमरा छोड़कर आरोपित फरार हो गए। स्वजन घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने लगे। इस दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल की। संतोष के पिता मिट्ठू राम की तहरीर पर अर्जुन पुत्र जवाहर, दिवाकर पुत्र रमेश, सुधाकर पुत्र रमेश, मिटू, मनीष, सनीस पुत्र गण नंदलाल व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक विजय त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर राजेश तिवारी ने पीड़ित परिवार के लोगों से बातचीत की। मातहतों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

chat bot
आपका साथी