गंगा की तेज धारा में समा गए दो किशोर व एक मासूम

गंगा दशहरा पर जिले के दो अलग-अलग घाटों पर गंगा स्नान को पहुंचे एक मासूम व दो किशोर गंगा में डूब गये। फेफना थाना क्षेत्र के माल्देपुर संगम घाट पर सोमवार को मुंडन संस्कार में शामिल होने गये दो पड़ोसी गंगा में समा गए।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Jun 2020 06:43 PM (IST) Updated:Mon, 01 Jun 2020 06:43 PM (IST)
गंगा की तेज धारा में समा गए दो किशोर व एक मासूम
गंगा की तेज धारा में समा गए दो किशोर व एक मासूम

जागरण संवाददाता, बलिया: गंगा दशहरा पर सोमवार को दो अलग-अलग घाटों पर गंगा स्नान करने पहुंचे एक मासूम व दो किशोर डूब गए। फेफना थाना क्षेत्र के माल्देपुर संगम घाट पर मुंडन संस्कार में शामिल होने गए दो पड़ोसी गंगा में समा गए। वहीं हल्दी थाना क्षेत्र के पचरुखिया गंगा घाट पर दादी के साथ गंगा स्नान करने पहुंचा सात वर्षीय बालक डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से जहां माल्देपुर घाट से दोनों किशोरों का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया वहीं पचरुखिया घाट पर बालक के शव की तलाश होती रही।

गंगा दशहरा पर निधरिया निवासी अंकुश गोंड़ (14वर्ष) व पड़ोसी राहुल राजभर गोलू (16वर्ष) अगरसंडा निवासी शिवजी गोंड़ के पुत्र के मुंडन संस्कार में शामिल होने गए थे। सभी लोग मुंडन कार्यक्रम में व्यस्त थे। इसी दौरान दोनों युवक नदी में नहाने चले गए। नहाते-नहाते अंकुश गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देख बगल में स्नान कर रहा गोलू उसे बचाने का प्रयास करने लगा। तेज बहाव के कारण गोलू व अंकुश दोनों डूब गए। इसकी खबर लगते ही दोनों किशोरों के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। सूचना पर पहुंचे एसएचओ शशिमौली पाण्डेय व चन्द्रशेखनगर चौकी इंचार्ज संजय उपाध्याय ने स्थानीय गोताखोर की मदद से दोनों की तलाश में जुट गए। करीब तीन घण्टे के अथक प्रयास के बाद दोनों किशोरों का शव बरामद किया जा सका।

मझौवां (बलिया): हल्दी थाना क्षेत्र के पचरुखिया गंगा घाट पर दादी के साथ गंगा स्नान करने गया सात वर्षीय बालक गंगा में डूब गया। रेवती थाना क्षेत्र के दीघार नई बस्ती निवासी जितेंद्र चौधरी का सात वर्षीय पुत्र प्रिस अपनी दादी के साथ गंगा स्नान करने के लिए पचरुखिया गंगा घाट आया था। स्नान करते वक्त प्रिस का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गया। पौत्र को अपनी आंखों के सामने गंगा में डूबते देख दादी जोर-जोर से चिल्लाने लगी। आवाज सुन जब तक आसपास के लोग पहुंचते तब तक बालक पानी में विलीन हो चुका था। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष हल्दी सत्येंद्र कुमार राय ने गंगा में जाल डलवा कर शव को ढूंढने का प्रयास किया लेकिन समाचार लिखे जाने तक बालक का शव बरामद नहीं हो पाया। प्रिस दो भाई व एक बहन में सबसे बड़ा था। प्रिस के माता-पिता हैदराबाद में नौकरी करते हैं। इस समय वे हैदराबाद में ही हैं।

इनसेट

कुण्ड में डूबे युवक का मिला शव

रेवती (बलिया) : स्थानीय थाना क्षेत्र के दलछपरा कुण्ड में डूबे युवक का शव सोमवार को कुण्ड में उतराया मिला। रविवार को मवेशी चराने गए संदीप यादव (18) पुत्र विनोद यादव निवासी दलछपरा स्नान करते समय डूब गया था। मृत युवक दिव्यांग था। घटना के बाद से माता सुनीता देवी व दोनों भाई-बहन के करुण क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन है।

chat bot
आपका साथी