तीन क्रय केंद्रों पर छापे, कम खरीदारी पर भड़के तहसीलदार
शासन किसानों की गेहूं खरीद युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं।
जागरण संवाददाता, बलिया : शासन किसानों की गेहूं खरीद युद्ध स्तर पर करने के निर्देश दिए हैं। इधर चुनाव व कोरोना के कारण खरीद स्थिति काफी सुस्त हो गई है। किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। शुक्रवार को सदर क्षेत्र के क्रय केंद्रों का सदर तहसीलदार गुलाब चंद्रा ने निरीक्षण किया। उन्हें वहां पर कमियां ही कमियां मिली। मंडी समित में दो क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर अभी तक 25903 क्विंटल खरीद हुई थी। इस पर उन्होंने इंचार्ज अशोक यादव को सख्त चेतावनी दी। साथ ही खरीद में तेजी लाने का निर्देश दिया। वहीं यहीं पर स्थित मार्केटिग विभाग के क्रय केंद्र पर मात्र 670 क्विंटल हुई खरीदारी पर तहसीलदार भड़क गए। उन्होंने इंचार्ज सलमान जाफरी को चेतावनी देते हुए सुधार का निर्देश दिए। साथ ही कहा कि अगर दो दिनों में सुधार नहीं हुआ तो इंचार्ज पर मुकदमा कायम कराया जाएगा। टकरसन गेहूं क्रय केंद्र पर 1425 क्विंटल की खरीदारी हुई थी। यहां पर किसान खरीदारी के लिए अपना गेहूं लेकर आए हुए थे। तहसीलदार ने बताया कि स्थिति में सुधार नहीं होने पर इंचार्ज के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।