मुंबई के हत्या व डकैती कांड में महिला समेत तीन गिरफ्तार

जागरण संवाददाता बलिया मुंबई में हत्या व डकैती के मामले में लखनऊ एसटीएफ क्राइम ब्रांच व ए

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 06:09 PM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 06:09 PM (IST)
मुंबई के हत्या व डकैती कांड में महिला समेत तीन गिरफ्तार
मुंबई के हत्या व डकैती कांड में महिला समेत तीन गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, बलिया : मुंबई में हत्या व डकैती के मामले में लखनऊ एसटीएफ, क्राइम ब्रांच व एमवीवीवी कमिश्नरेट की टीम ने मंगलवार को बलिया रेलवे स्टेशन परिसर से महिला समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इन सभी को पुलिस ने ट्रांजिस्ट रिमांड पर लिया है। आरोपितों के पास से मृतक महिला का मोबाइल फोन, पैन कार्ड, आधार कार्ड व नकदी रुपये बरामद हुए हैं।

21 जुलाई को मुंबई के भयेन्दर थाना क्षेत्र के भोलानगर झोंपड़पट्टी में सुमन देवी की हत्या कर उसके घर से जेवरात, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, चेक बुक, बैंक पासबुक व 38 हजार रुपये की डकैती की गई थी। थाना भयेन्दर में मुकदमा दर्ज हुआ था। मुंबई पुलिस को घटना में संलिप्त अभियुक्तों के बलिया में होने की सूचना मिली। मुंबई क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तारी के लिए यूपी एसटीएफ से सहयोग मांगा। एसटीएफ फील्ड इकाई, वाराणसी को अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किया गया। वाराणसी इकाई के उपनिरीक्षक अंगद यादव के नेतृत्व में टीम लग गई। इधर एपीआइ निलेश सिवाले मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम अभिसूचना संकलन की कार्यवाही कर रही थी। अभियुक्त सोनू पुत्र विजय चौहान निवासी गलाफरपुर पकहा व सुधीर कुमार पुत्र तुलसी चौहान निवासी कुसौरी कला, थाना सहतवार को टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर से गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर मुन्नी देवी पत्नी लाला वर्मा निवासी गलाफरपुर पकहा को गिरफ्तार करते हुए टीम ने डकैती का माल बरामद किया।

-----

अपना बनकर वारदात को अंजाम : गिरफ्तार आरोपित सोनू चौहान व सुधीर महाराष्ट्र में एक रबड़ की कंपनी में काम करते थे। सोनू के ही गांव की सुमन अपने पति के साथ भोलानगर झोंपड़पट्टी, भयेन्दर महाराष्ट्र में रहती थीं। उसका पति प्राइवेट फैक्ट्री में काम करता था। सोनू व सुधीर का उसके घर पर आना-जाना था। इन लोगों को लगा कि उसके पास 25-30 लाख रुपये के गहके व नगद हैं। इसके बाद उन्होंने उसकी हत्या कर गहने व रुपये लूटने की साजिश रची। किसी को संदेह न हो, इसलिए दोनों ने गांव की महिला मुन्नी देवी को सबकुछ बताकर महाराष्ट्र बुला लिया। दोनों मुन्नी के साथ 21 जुलाई को सुमन के घर पहुंचे। इस पर वह इन सभी के लिए चाय व नाश्ता बनाने लगी। तीनों ने मिलकर उसका मुंह तथा गला दबाकर हत्या कर दी और डकैती की वारदात को अंजाम दे दिया।

chat bot
आपका साथी