तीस एकड़ गेहूं की फसल जलकर खाक, किसान बेबस

आग ने कुछ ही देर में किसानों की महीनों की मेहनत

By JagranEdited By: Publish:Mon, 19 Apr 2021 05:58 PM (IST) Updated:Mon, 19 Apr 2021 05:58 PM (IST)
तीस एकड़ गेहूं की फसल जलकर खाक,  किसान बेबस
तीस एकड़ गेहूं की फसल जलकर खाक, किसान बेबस

जागरण संवाददाता, बेरुआरबारी (बलिया) : आग ने कुछ ही देर में किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया। किसान अपनी आंखों के सामने बर्बादी का मंजर देखते रहे। एक गांव के खेत में लगी आग आसपास के चार गांवों तक पहुंच गई। इसमें दर्जनों किसानों की 30 एकड़ गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है। फायर ब्रिगेड की गाड़ी देर से पहुंचने पर लोग आक्रोशित हो गए। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

सोमवार की दोपहर में 12 बजे के आसपास खेजुरी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत करंमर के खेत में लगी आग देखते-देखते बहेलिया, तारडीला गांव होते हुए सुखपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत धनौती के खेतों तक पहुंच गई। तेज हवाओं से आग पर काबू पाना ग्रामीणों के लिए मुश्किल हो रहा था। आग इतनी भयावह थी कि लगभग एक घंटे तक मनियर-बेरुआरबारी मुख्य मार्ग बाधित हो गया। कोई भी वाहन भीषण गर्मी व आग की तपिश के बीच आगे नहीं बढ़ पा रहे थे। पूरा क्षेत्र धुएं से पट गया था। आग और धुआं देख आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग मौके पर पहुंचे। आग में तीन झोपड़ियां भी जल गईं। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। वहां से गाड़ी आने में देर होने पर लोगों में आक्रोश देखा गया। इससे पहले ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग पर काबू पाने के लिए पूरी कोशिश की। कुछ पंचायत चुनाव के प्रत्याशी व उनके समर्थक भी बचाव कार्य में जुट गए थे। इनका हुआ नुकसान :

आग से केदारनाथ सिंह, नरेश चंद्र सिंह और स्वतंत्र कुमार सिंह, रामनारायन सिंह, नारायन सिंह, गोपाल सिंह, राजकिशोर सिंह, दिलीप सिंह, रामायण सिंह, भोला सिंह, नरेश सिंह, राजेश सिंह, राजन सिंह, पारसनाथ सिंह को काफी नुकसान हुआ है।

chat bot
आपका साथी