सुबह आई दुल्हन, शाम को दूल्हे की मौत

दो परिवार शादी की खुशियों में डूबे थे। वर पक्ष बरात लेक

By JagranEdited By: Publish:Mon, 10 May 2021 06:11 PM (IST) Updated:Mon, 10 May 2021 06:11 PM (IST)
सुबह आई दुल्हन, शाम को दूल्हे की मौत
सुबह आई दुल्हन, शाम को दूल्हे की मौत

जागरण संवाददाता, दुबहड़ (बलिया) : दो परिवार शादी की खुशियों में डूबे थे। वर पक्ष बरात लेकर कन्या पक्ष के दरवाजे पर पहुंचा। राजी-खुशी रस्में निभाईं गईं। दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरे लेते हुए सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा किया। सुबह दुल्हन की विदाई हुई। ससुराल में उसका स्वागत किया गया। बच्चों से लेकर बड़े सभी खुश थे, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। शाम को घर में इनवर्टर लगाते समय दूल्हे की करेंट लगने से मौत हो गई। पल भर में परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। यह घटना है घोड़हरा गांव की।

26 साल के रणजीत कुमार गिरी उर्फ विक्की गिरी की शनिवार को शादी थी। वह बेंगलुरू में आइटी सेक्टर में नौकरी करते थे। उनकी बरात बैरिया थाना क्षेत्र में मधुबनी के निकट झंडा भारती के मठिया में गई थी। रविवार की सुबह विदाई के बाद बरात वापस आ गई। शाम को रणजीत कमरे में इनवर्टर लगा रहे थे। तभी उसमें करेंट प्रवाहित होने से उसकी जद में आ गए। यह देख दुल्हन ने शोर मचाया। घरवाले दौड़ कर पहुंचे। वहां रणजीत को गिरा देख सभी अवाक रह गए। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। रणजीत पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। शादी की खुशियों वाले घर में मातम छा गया। घर पर आए नाते-रिश्तेदार भी गम में डूब गए। मां कमला देवी बेसुध हो गईं। पत्नी कुमकुम की चित्कार लोगों का कलेजा चीर रही थी। सूचना मिलने पर पहुंचे उसके पिता राधेश्याम भारती उसे साथ घर ले गए। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। हर कोई स्तब्ध है।

chat bot
आपका साथी