दो पक्षों में विवाद के दौरान चली गोली, युवक की मौत

जागरण संवाददाता सिकंदरपुर (बलिया) थाना क्षेत्र के कठौड़ा गांव में सोमवार की रात दो पक्षो

By JagranEdited By: Publish:Tue, 12 Oct 2021 05:16 PM (IST) Updated:Tue, 12 Oct 2021 06:52 PM (IST)
दो पक्षों में विवाद के दौरान चली गोली, युवक की मौत
दो पक्षों में विवाद के दौरान चली गोली, युवक की मौत

जागरण संवाददाता, सिकंदरपुर (बलिया) : थाना क्षेत्र के कठौड़ा गांव में सोमवार की रात दो पक्षों में जमीन को लेकर विवाद के दौरान गोली चलने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस की मौजूदगी में हुई घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है। गांव निवासी गुड्डू राय पुत्र रामजन्म की बहन माया राय स्वास्थ्य विभाग में एएनएम हैं। उनका एक मकान सिकंदरपुर में उपाध्याय कालोनी में है। माया ने एक लड़के को गोद लिया था। आठ महीने से माया अपने भाई के यहां ही रह रहीं थीं। अपनी कुछ जमीन भाई के नाम से रजिस्ट्री कर दी थी। इसी बात को लेकर दत्तक पुत्र सिद्धार्थ राय से विवाद चल रहा था। सिद्धार्थ का कहना यह था कि मां से मिलने नहीं दिया जा रहा है। जबरदस्ती उन्हें घर में कैद करके रखा गया है। सोमवार की शाम सिद्धार्थ अपने कुछ साथियों के साथ मामा के घर पहुंच गया। वह मां से मिलने के लिए दबाव बनाने लगा। इसी बात को लेकर अभी नोकझोंक चल ही रही थी कि पुलिस पहुंच गई। पुलिस के सामने भी दोनों पक्ष डटे रहे। इसी दौरान गोली चल गई जो सिद्धार्थ राय के साथ गए अनीश शर्मा (25) पुत्र जंग बहादुर शर्मा निवासी खरीद को लग गई। इस दौरान दोनों पक्ष के लोग भाग खड़े हुए। पुलिस घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर ले आई जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। देर रात पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मातहतों से जानकारी ली। मृतक अनीश शर्मा के भाई गुंजन शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद व 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

chat bot
आपका साथी