29 दिन में 1692 मीट्रिक टन धान की खरीद, बढ़ रही भीड़

जागरण संवाददाता बलिया जिले में एक नवंबर से धान खरीद शुरू है। कुल 80 क्रय केंद्र खोले गए

By JagranEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 11:25 PM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 11:25 PM (IST)
29 दिन में 1692 मीट्रिक टन धान की खरीद, बढ़ रही भीड़
29 दिन में 1692 मीट्रिक टन धान की खरीद, बढ़ रही भीड़

जागरण संवाददाता, बलिया : जिले में एक नवंबर से धान खरीद शुरू है। कुल 80 क्रय केंद्र खोले गए हैं। 29 दिन में 1692 मीट्रिक टन खरीद हुई हैं। इस वर्ष 1,24,400 मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य तय है। यह पिछले साल की अपेक्षा 24,400 अधिक है। पिछले साल 100018 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई थी। हर केंद्र पर अब किसानों की भीड़ बढ़ने लगी है। धान में नमी दूर होने के कारण किसान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। जजमाव के कारण इस साल जनपद में धान खरीद में देरी हुई है। बहुत से किसान अभी भी धान की कटाई करवा रहे हैं। कई स्थानों से यह शिकायत भी है कि क्रय केंद्र पर कोई कर्मचारी नहीं है।

---------

-72 घंटे में भुगतान से राहत --

शासन से सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने वाले किसानों को 72 घंटे के अंदर भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। इससे किसानों को राहत मिली है। पहले भुगतान के लिए किसानों को इंतजार करना पड़ता था। पंदह ब्लाक के जेठवार के किसान बालदेव राय, रजनीश शुक्ल, लाल मोहन यादव आदि ने कहा कि यह व्यवस्था अच्छी है। धान बिक्री करने के बाद भुगतान भी समय से हो जा रहा है।

--------- एसडीएम के निर्देश के बाद भी नहीं खुला केंद्र

पूर : धान खरीद में विकास खंड पंदह के क्रय केंद्रों की स्थिति अच्छी नहीं है। क्रय केंद्र जगदरा, पकड़ी और उकछी में उप जिलाधिकारी सिकंदरपुर प्रशांत नायक के कड़े निर्देश के बावजूद अभी तक धान की खरीद शुरू नहीं हुई है। किसान इधर-उधर चक्कर लगा रहे हैं। क्रय केंद्र बंद पड़े हैं। पूरे ब्लाक में एकमात्र क्रय केंद्र मार्केटिग पंदह चल रहा है। यहा अभी तक सात किसानों से कुल 315 क्विटल धान की खरीदारी हुई है। इसमें पांच किसानों का भुगतान भी हो गया है। केंद्र प्रभारी नीरज मिश्रा का कहना है कि अभी तक मिल एलाट नहीं होने के कारण धान खरीद में दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। ----

सभी केंद्र चल रहे हैं। अभी तक 1692 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है। भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू है। धान में नमी के कारण किसान कम आ रहे थे। केंद्रों पर अब भीड़ बढ़ रही है।

--अविनाश सगरवाल, जिला विपणन अधिकारी।

chat bot
आपका साथी