दुधमुंहे को कमरे में बंदकर चली गई मां

अपने जिगर के टुकड़े को कमरे में बंद कर मां कहीं चली गई। छह

By JagranEdited By: Publish:Thu, 25 Feb 2021 06:35 PM (IST) Updated:Thu, 25 Feb 2021 06:35 PM (IST)
दुधमुंहे को कमरे में बंदकर चली गई मां
दुधमुंहे को कमरे में बंदकर चली गई मां

जागरण संवाददाता, बलिया : अपने जिगर के टुकड़े को कमरे में बंद कर मां कहीं चली गई। छह माह का मासूम एक-दो घंटे नहीं, बल्कि पूरे दो दिन तक कमरे में अकेले कैद रहा। यह घटना है परिखरा, तिखमपुर की। बुधवार की सुबह दुधमुंहे के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने चाइल्ड लाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर खबर दी। इसके बाद बांसडीह के दो पुलिसकर्मी व चाइल्ड लाइन की टीम वहां पहुंची। बच्चे को बाहर निकाल कर जिला अस्पताल में जांच कराई गई। वह चाइल्ड लाइन के संरक्षण में है। उसके माता-पिता की तलाश की जा रही है। बच्चे के हाथ में दूध की बोतल पाई गई, जिसके सहारे वह दो दिन रहा।

पड़ोसी के अनुसार बच्चे की मां केवड़ा, बांसडीह की रहने वाली है। पिता रिक्शा चलाता है। वह कभी-कभार किराये के घर पर आता-जाता था। सोमवार से दोनों का पता नहीं चल रहा है। एक टीम शहर के रिक्शे वालों से मिलकर पता करने में जुटी है। न्याय पीठ बाल कल्याण समिति के सदस्य राजू सिंह ने बताया कि माता-पिता के नहीं मिलने पर बालक को शिशु गृह में रखने का आदेश समिति चाइल्डलाइन को देगी।

chat bot
आपका साथी