दुल्हन करती रही इंतजार दहेज में मोटरसाइकिल न मिलने पर नहीं पहुंची बरात

कन्या के पिता अपने रिश्तेदारों के साथ बरातियों के स्वागत के लिए राह देख रहे थे। शाम तक बरात नही पहुंची तो परिवारीजन में मायूसी छा गई।

By Ashish MishraEdited By: Publish:Sat, 08 Sep 2018 11:49 AM (IST) Updated:Sat, 08 Sep 2018 11:49 AM (IST)
दुल्हन करती रही इंतजार दहेज में मोटरसाइकिल न मिलने पर नहीं पहुंची बरात
दुल्हन करती रही इंतजार दहेज में मोटरसाइकिल न मिलने पर नहीं पहुंची बरात

बलिया (जेएनएन)। नगरा थाना क्षेत्र में एक गांव के एक परिवार में गुरुवार को बरात इसलिए नहीं आई क्योंकि दूल्हा को दहेज में मोटर साइकिल पहले नहीं दी गई। लड़की के घर शादी की पूरी तैयारी हो चुकी थी। रिश्तेदार भी पहुंच चुके थे। बरातियों के लिए भोजन व मिष्ठान की पूरी व्यवस्था हो चुकी थी।

कन्या के पिता अपने रिश्तेदारों के साथ बरातियों के स्वागत के लिए राह देख रहे थे। शाम तक बरात नही पहुंची तो परिवारीजन में मायूसी छा गई। यहां तक कि लड़के के पिता ने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर रखा था। काफी कोशिशों के बाद निराश होकर लड़की के पिता गांव वालों के साथ देर रात नगरा थाने पहुंचे और तहरीर दी।

उक्त गांव निवासी युवती की शादी डुमरी निवासी बहाउद्दीन के पुत्र अब्दुल कादिर से तय हुई थी। बरात गुरुवार की सुबह 10 बजे पहुंचनी थी। विदाई का कार्यक्रम उसी दिन शाम को निश्चित था। शाम तक बरात नही पहुंची तो कन्या पक्ष के लोग परेशान हो गए और लड़के वालों को फोन से संपर्क करने का प्रयास करने लगे। लेकिन, वर पक्ष के लोगों ने मोबाइल फोन ही बंद कर रखे थे।

लड़की के पिता का आरोप है कि दहेज में मोटरसाइकिल न देने की वजह से शादी नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि वह कर्ज लेकर मोटरसाइकिल भी खरीद चुके थे जिसे शादी की रस्म पूरी होने के बाद देने की बात कही थी। उधर लड़के के पिता शादी से पहले ही बाइक की मांग कर रहे थे। 

chat bot
आपका साथी