फल विक्रेता को दोस्त ने फावड़े से काट डाला

शहर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर नई बस्ती में दोस्त ने फल विक्रेता को

By JagranEdited By: Publish:Mon, 31 May 2021 06:12 PM (IST) Updated:Mon, 31 May 2021 06:12 PM (IST)
फल विक्रेता को दोस्त ने फावड़े से काट डाला
फल विक्रेता को दोस्त ने फावड़े से काट डाला

जागरण संवाददाता, बलिया : शहर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर नई बस्ती में दोस्त ने फल विक्रेता को फावड़े से काट डाला। हत्या करने के बाद शव दफनाने के लिए आरोपित ने घर में ही गड्ढा खोद दिया था। दफनाने से पहले मामले की जानकारी होने पर सारा भेद खुल गया। रविवार की मध्य रात्रि सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। मौके से फावड़ा बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के हरदिया गांव निवासी हरिशंकर साहनी पिछले कुछ वर्षो से जलालपुर नई बस्ती में मकान बनाकर रहते हैं। चित्तू पांडेय चौराहे पर फल की दुकान लगाते हैं, जहां साथ में बड़ा बेटा जितेंद्र साहनी भी बैठता था। रविवार को दुकान बंद होने के कारण सभी सदस्य घर पर थे। पड़ोस में उत्तम चंद्र गुप्ता का मकान है, जो बंद रहता है। शाम करीब साढ़े छह बजे उत्तम का बेटा धर्मेंद्र गुप्ता मकान पर आकर जितेंद्र को बुलाकर अपने मकान में ले गया। देर रात तक जब जितेंद्र घर नहीं आया तो स्वजन परेशान हो गए। उसकी खोजबीन करने लगे। पिता हरिशंकर साहनी ने धर्मेंद्र से भी कई बार पूछा, लेकिन उसने अनभिज्ञता जताई। देर रात स्वजनों को शंका हुई तो जबरन दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, अंदर से दरवाजा बंद होने के कारण नहीं खुला। सूचना पाकर मौके पर चंद्रशेखर नगर चौकी इंचार्ज योगेंद्र सिंह ने जवानों को पीछे के रास्ते से छत पर चढ़वाकर धर्मेंद्र से ताले की चाबी लिया और दरवाजा खोला। अंदर का नजारा देख सभी के होश उड़ गए। कमरे में जितेंद्र का लहूलुहान शव पड़ा हुआ था। बगल में एक गड्ढ़ा खोदा गया था। यह देख जितेंद्र के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर मौके से फावड़ा बरामद कर लिया। मृतक के शरीर को फावड़े से काटा गया था। उसके सिर, पैर व पीठ में गहरे चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने धर्मेंद्र से पूछताछ की लेकिन वह सही जवाब नहीं दिया। स्वजनों ने बताया कि धर्मेंद्र की दिमागी हालत ठीक नहीं है, इसका उपचार कई चिकित्सकों के यहां चल रहा है। पुलिस हत्या के सही कारणों को पता लगाने में जुटी हुई है। हत्या को छुपाने के लिए किया प्रयास

धर्मेंद्र ने दोस्त को मार डाला। इसे छुपाने के लिए वह दरवाजे को अंदर से बंद कर ताला लगा दिया था। बता दें कि कुछ दिन पूर्व धर्मेंद्र की तबीयत खराब थी। वह नग्न अवस्था में रेल पटरी पर घूम रहा था। वहीं जितेंद्र की शादी नहीं हुई थी, जबकि उसके छोटे भाई की शादी हो चुकी है। शहर कोतवाल बाल मुकुंद मिश्रा ने बताया कि हत्यारोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी