अध्यक्ष को कड़ी टक्कर, बन रहे समीकरण

जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर चुनाव की तिथि नजदीक आते ही

By JagranEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 07:44 PM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 07:44 PM (IST)
अध्यक्ष को कड़ी टक्कर, बन रहे समीकरण
अध्यक्ष को कड़ी टक्कर, बन रहे समीकरण

जागरण संवाददाता, बलिया : जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर चुनाव की तिथि नजदीक आते ही दलों के शीर्ष नेता गुणा-गणित में जुट गए हैं। जिले में होने वाले चुनाव में कड़ी टक्कर के आसार हैं। 18वें अध्यक्ष के लिए सपा ने आनंद चौधरी को उतारा है। वे पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी के बेटे हैं। इनके बसपा की सदस्यता से त्याग पत्र देने के बाद राजनीतिक समीकरण बदलता नजर आ रहा है। पूर्व मंत्री के इस निर्णय के बाद बसपा नेताओं ने गंभीरता से लिया है। वह अलग तरीके का समीकरण बैठाने में जुट गए हैं। इधर मुख्यमंत्री के जिले में आगमन के बाद इस पद के लिए सत्ता दल में सक्रियता बढ़ गई है। किसी तरह से सीट अपने पक्ष में करने की रणनीति भाजपा नेता बना रहे हैं। शिव दयाल के पार्टी में शामिल होने के बाद उनकी पत्नी जिला पंचायत सदस्य सुप्रिया यादव को पार्टी के प्रत्याशी बनाए जाने के कयास लगाए जा रहे हैं। भाजपा के हुए शिवदयाल, आज होगी प्रत्याशी की घोषणा

जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रत्याशी के लिए भाजपा नेताओं ने समीकरण बैठाना शुरू कर दिया है। बुधवार को लखनऊ में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के समक्ष जिला पंचायत सदस्य सुप्रिया यादव के पति शिवदयाल यादव ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। अपनी पत्नी को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराने की सहमति पत्र भी दे दिया हैं। वह वार्ड नंबर 48 से भासपा के बैनर तले चुनाव जीती थीं। जिलाध्यक्ष जय प्रकाश साहू ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य को गुरुवार को जिला पार्टी कार्यालय पर सदस्यता ग्रहण कराया जाएगा। आनंद के रिश्तेदार हैं शिव दयाल

सपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी के बेटे आनंद चौधरी व भाजपा में शामिल हुए शिव दयाल रिश्ते में हैं। शिव दयाल की बुआ की शादी पूर्व मंत्री के चचेरे भाई सतीश चौधरी नागा से हुई है। शिव दयाल ममेरे भाई लगेंगे। पहले दिन सपा प्रत्याशी ने खरीदा नामांकन पत्र

जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई है। पहले दिन सपा प्रत्याशी आनंद चौधरी ने चार सेट में नामांकन पत्र खरीदा। पार्टी कार्यालय से जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव, पूर्व मंत्री नारद राय, मोहम्मद रिजवी, पूर्व विधायक संग्राम सिंह, अनिल राय, कामेश्वर सिंह, पूर्व चेयरमैन लक्ष्मण गुप्ता, यशपाल सिंह, जमाल आलम आदि के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। इसके बाद उन्होंने चार सेट में नामांकन पत्र खरीदा। पहले दिन मात्र एक ही नामांकन पत्र खरीदा गया।

chat bot
आपका साथी