राजधानी पहुंची ईओ व चेयरमैन की तकरार

भ्रष्टाचार को लेकर नगरपालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के बीच क

By JagranEdited By: Publish:Sat, 10 Apr 2021 05:24 PM (IST) Updated:Sat, 10 Apr 2021 05:24 PM (IST)
राजधानी पहुंची ईओ व चेयरमैन की तकरार
राजधानी पहुंची ईओ व चेयरमैन की तकरार

जागरण संवाददाता, बलिया : भ्रष्टाचार को लेकर नगरपालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के बीच कई दिनों से जारी तकरार अब तेज हो चली है। मामला राजधानी लखनऊ तक पहुंच गया है। ईओ ने नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं अध्यक्ष ने भी पलटवार करते हुए पत्र लिखा है। दोनों के बीच कई दिनों से आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है।

सात अप्रैल को लिखे पत्र में ईओ दिनेश विश्वकर्मा ने अध्यक्ष अजय कुमार पर उच्च न्यायालय के आदेश की अवहेलना व पद के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि संविदाकर्मी पंप आपरेटर अनिल श्रीवास्तव ने अध्यक्ष के खिलाफ उच्च न्यायालय में रिट दाखिल की थी। नोटिस आने के बाद भी इस पर अध्यक्ष ने ध्यान नहीं दिया। इसके बाद वादी ने अवमानना याचिका दाखिल की। इसकी पैरवी के लिए भी वकील नहीं किया गया। उच्च न्यायालय ने रिट से संबंधित कार्यवाही पूर्ण करते हुए 12 अप्रैल को पेश होने का आदेश दिया है। वहीं नौ अप्रैल को अध्यक्ष अजय कुमार ने भी अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर ईओ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अध्यक्ष का कहना है कि ईओ की वित्तीय अनियमितता के संबंध में वर्ष 2018 में कैग से शिकायत की गई थी। उन पर भ्रष्टाचार के कई मामले हैं। उन्होंने सभासदों के साथ मिलकर बदनाम करने की साजिश रची है।

-------------

वर्जन

-पूरे मामले में मुझे अंधेरे में रखा गया है। जब उच्च न्यायालय का आदेश आ गया तो मुझ पर अनावश्यक दबाया बनाया जा रहा है। जानबूझकर मुझे परेशान किया जा रहा है।

-दिनेश विश्वकर्मा, ईओ, नगर पालिका बलिया।

-------

ईओ के सारे आरोप बेबुनियाद हैं। मैं इसको लेकर सारे साक्ष्य पेश करूंगा। यह मुझे बदनाम करने की साजिश है। ईओ ने वित्तीय अधिकारों का दुरुपयोग किया है।

-अजय कुमार, चेयरमैन, नगर पालिका बलिया।

chat bot
आपका साथी