गोरखपुर का 50 हजार का इनामी डकैत हथियार के साथ गिरफ्तार

थाना उभांव व स्वाट टीम के संयुक्त अभियान में मंगलवार की भोर में

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 06:30 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 06:30 PM (IST)
गोरखपुर का 50 हजार का इनामी डकैत हथियार के साथ गिरफ्तार
गोरखपुर का 50 हजार का इनामी डकैत हथियार के साथ गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, बलिया : थाना उभांव व स्वाट टीम के संयुक्त अभियान में मंगलवार की भोर में करीब 3.30 बजे घाघरा नदी किनारे से गोरखपुर में 50 हजार रुपये के इनामी डकैत टेंगर नट निवासी खरहाटार थाना गड़वार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से अवैध शस्त्र, कारतूस तथा अ‌र्द्धनिर्मित शस्त्र व शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।

गोरखपुर में डकैती की कई घटनाओं में यह आरोपित फरार चल रहा था। इसके खिलाफ पुलिस महानिरीक्षक गोरखपुर राजेश मोदक ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। रात में उभांव थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्र व स्वाट टीम के संजय सरोज, सिपाही अनूप सिंह, अतुल सिंह, वेदप्रकाश दुबे व विजय राय तुर्तीपार घाघरा तट की सीमा पर गश्त कर रहे थे। सूचना मिली कि घाघरा नदी के किनारे डकैत हथियार बना रहा है। इस पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर हल्की मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस लाइन के सभागार में पर्दाफाश करते हुए एसपी डा. विपिन ताडा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित पर देवरिया के लार थाने में दर्ज मुकदमे के अलावा गोरखपुर के गगहां थाने में पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। उसकी गिरफ्तारी के लिए डीआइजी गोरखपुर ने इनाम घोषित किया था। बलिया में आरोपित के खिलाफ विभिन्न थानों में डकैती व लूट के मुकदमे दर्ज हैं।

आरोपित ने बताया कि वह घाघरा नदी के नीचे एकांत व निर्जन स्थान में छिपकर असलहा बनाता था। इसे अपने गिरोह के सदस्यों को सप्लाई करता था। अभियुक्त टेंगर का एक संगठित गिरोह है, जो अपने 10-15 अन्य साथियों के साथ बलिया, मऊ, देवरिया, गोरखपुर में कई जगह चोरी व डकैती जैसी घटनाओं को अंजाम दिया है।

chat bot
आपका साथी