शादी से 11 दिन पहले काल के गाल में समा गया फौजी

जागरण संवाददाता सिकंदरपुर (बलिया) सड़क हादसे में सेना के जवान की मौत के बाद खरीद गांव

By JagranEdited By: Publish:Sat, 15 May 2021 05:40 PM (IST) Updated:Sat, 15 May 2021 05:40 PM (IST)
शादी से 11 दिन पहले काल के गाल में समा गया फौजी
शादी से 11 दिन पहले काल के गाल में समा गया फौजी

जागरण संवाददाता, सिकंदरपुर (बलिया) : सड़क हादसे में सेना के जवान की मौत के बाद खरीद गांव में मातम पसरा है। काल के क्रूर पंजों ने शादी से 11 दिन पहले जवान को अपनों से हमेशा के लिए दूर कर दिया है। अभी भी परिवार वालों को यकीन नहीं हो रहा कि अपनी शादी का कार्ड बांटने घर से निकले श्याम बाबू यादव अब कभी नहीं लौटेंगे। उनकी शादी में बराती बनने की हसरत पाले दोस्तों, नाते-रिश्तेदारों ने कभी सोचा नहीं होगा कि उनके जनाजे में शरीक होना पड़ेगा। इस घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।

सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बसारिकपुर चट्टी के समीप गुरुवार की देर रात कार असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें आर्मी जवान की मौत हो गई। खरीद गांव निवासी श्याम बाबू यादव रिश्तेदारी में कार्ड बांटने गए थे। वापसी में वे हादसे का शिकार हो गए। उनकी पंजाब में तैनाती थी। फिलहाल वह छुट्टी पर शादी के लिए घर आए थे। जवान की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। यह खबर सुनकर पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। श्याम बाबू यादव भारतीय सेना में आठ साल से कार्यरत थे। उनकी शादी इसी मई माह में होने वाली थी। तिलक 20 मई व शादी 24 मई को थी।

शुक्रवार की शाम बलिया से पोस्टमार्टम के बाद उनका शव गांधी इंटर कॉलेज पर लाया गया। सैकड़ों लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। लोग बाइकों से दरौली घाट तक तिरंगा लहराते हुए और भारत माता की जय के नारों के साथ गए। देर रात अंतिम संस्कार हुआ। श्याम बाबू के पिता शिवजी यादव पीएसी से रिटायर हैं। बेटे की मौत से वे बुरी तरह आहत हो गए हैं।

chat bot
आपका साथी