घाघरा में छोड़ा गया 2.95 लाख क्यूसेक पानी, कटान शुरू

दो सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ रही घाघरा ग्यारहसौ रेती व भिरगूपुरवा गांव कटान के मुहाने पर

By JagranEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 10:13 PM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 10:13 PM (IST)
घाघरा में छोड़ा गया 2.95 लाख क्यूसेक पानी, कटान शुरू
घाघरा में छोड़ा गया 2.95 लाख क्यूसेक पानी, कटान शुरू

बहराइच : पहाड़ों पर झमाझम बारिश के बाद नेपाली नदियां उफना गई हैं। नदियों से आने वाले पानी को बैराजों से छोड़े जाने का सिलसिला तेज हो गया है। गुरुवार की सुबह जिले के तीनों बैराजों से दो लाख 95 हजार 863 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। नतीजतन घाघरा का जलस्तर दो सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है।

एल्गिन ब्रिज पर घाघरा लाल निशान की ओर बढ़ रही हैं। सरयू ड्रेनेज खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता शोभित कुशवाहा ने बताया कि गुरुवार को शारदा बैराज से एक लाख 42 हजार 466, गिरिजापुरी बैराज से एक लाख 34 हजार 435 व गोपिया बैराज से 18 हजार 962 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। दोपहर 12 बजे घूरदेवी स्पर पर घाघरा का जलस्तर 112.135 मीटर के सापेक्ष 110.300 मीटर रिकॉर्ड किया गया। यहां घाघरा लाल निशान से 1.65 मीटर नीचे बह रही है।

जलस्तर बढ़ने से घाघरा के तटवर्ती गांवों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। कुछ गांवों में कटान भी शुरू हो गई है। कैसरगंज तहसील के मंझारा तौंकली ग्राम पंचायत के ग्यारहसौरेती व भिरगूपुरवा गांव कटान के मुहाने पर आ गए हैं, जबकि अनुसूचित बस्ती को नदी ने निगलना शुरू कर दिया है। दो मकान धारा में समाहित हो गया, जबकि दो लोगों की पांच बीघे कृषि योग्य भूमि भी कटान की भेंट चढ़ गई।

बौंडी: महसी तहसील के तिकुरी ग्राम पंचायत के किनारों को भी घाघरा ने खंगालना शुरू कर दिया है। तटवर्ती ग्रामीणों ने सुरक्षित ठिकानों की तलाश शुरू कर दी है। तहसीलदार महसी राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि बैराजों से पानी ज्यादा छोड़ा गया है। लेकिन नदी अभी खाली है जिससे बाढ़ की संभावना नहीं है। बैराज से घूरदेवी तक पानी पहुंचने में आठ से 10 घंटे लगते हैं। अब अगर और पानी छोड़ा गया तो दिक्कत बढ़ जाएगी।

14 बाढ़ राहत चौकियों की स्थापित

बौंडी: उप जिलाधिकारी एसएन त्रिपाठी ने बताया कि बाढ़ आपदा से निपटने के लिए महसी तहसील क्षेत्र में 14 बाढ़ राहत चौकियों की स्थापना कर दी गई है। इन चौकियों पर राहत सामग्री वितरण व स्वास्थ्य टीम मौजूद रहेगी। नौ लंगर स्थल बनाए गए हैं, जहां खाद्य सामग्री वितरित होगी। दो बाढ़ शरणालय बनाए गए हैं, ताकि बाढ़ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित रखा जा सके।

जिले की नदियों का जलस्तर

नदी बैराज लाल निशान जलस्तर

घाघरा गिरजापुरी 136.80 135.350

घाघरा एल्गिन ब्रिज 106.07 105.686

घाघरा घूरदेवी 112.135 110.300

सरयू गोपिया 133.55 132.050

शारदा शारदा 135.49 135.050

(नोट- जलस्तर मीटर में है)

chat bot
आपका साथी