बेलहा-बेहरौली तटबंध की सुरक्षा दीवार तैयार

21 करोड़ की लागत से पिपरा कायमपुर व गोलागंज स्पर बनकर तैयार

By JagranEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 10:38 PM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 10:38 PM (IST)
बेलहा-बेहरौली तटबंध की सुरक्षा दीवार तैयार
बेलहा-बेहरौली तटबंध की सुरक्षा दीवार तैयार

बहराइच : घाघरा नदी के भीषण कटान से बेलहा-बेहरौली तटबंध को बचाने के लिए बनवाए जा रहे स्पर का निर्माण कार्य का अधिकांश हिस्सा पूरा हो चुका है। ये स्पर गोलागंज, कायमपुर व पिपरा गांव के सामने तटबंध के सुरक्षा कवच के रूप में बनवाया गया है।

शासन ने तटबंध को बचाने के लिए तीन स्परों के निर्माण को मंजूरी दी थी। कुल 21 करोड़ रुपये की लागत से बेलहा-बेहरौली तटबंध के पिपरा स्थित 51.100 किलोमीटर, कायमपुर स्थित 52.050 किलोमीटर व गोलागंज स्थित 53.000 किलोमीटर पर स्पर बनवाया गया है। स्पर निर्माण होने से बौंडी थाना क्षेत्र के कायमपुर, जरमापुर, राठौरनपुरवा, टेपरा, जोगापुरवा समेत एक दर्जन मजरे कटान से निजात पाएंगे। बेलहा-बेहरौली तटबंध का अस्तित्व भी बरकरार रहेगा। सरयू ड्रेनेज खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता शोभित कुशवाहा ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा हो गया है। कुछ फिनिशिग कार्य बचा है, जो अंतिम चरण में है।

घाघरा में छोड़ा गया दो लाख 95 हजार 607 क्यूसेक पानी

बहराइच: जिले के तीनों बैराजों से शनिवार को दो लाख 95 हजार 607 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। बीते 24 घंटों में एल्गिन ब्रिज पर दो सेंटीमीटर व घूरदेवी स्पर पर छह सेंटीमीटर घाघरा का जलस्तर घटकर शनिवार दोपहर से जलस्तर स्थिर हो गया है।

शनिवार को एल्गिन ब्रिज पर घाघरा का जलस्तर लाल निशान 106.07 मीटर के सापेक्ष 105.896 मीटर रिकॉर्ड किया गया। यहां घाघरा लाल निशान से 17 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। घूरदेवी स्पर पर लाल निशान 112.135 मीटर के सापेक्ष 69 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। सरयू ड्रेनेज खंड प्रथम के सहायक अभियंता बीबी पाल ने बताया कि शनिवार की सुबह आठ बजे शारदा बैराज से एक लाख 46 हजार 172, गिरिजापुरी बैराज से एक लाख 41 हजार 702 व सरयू बैराज से सात हजार 733 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

तिकुरी व पिपरी गांव में कटान

घाघरा के तटवर्ती छत्तरपुरवा, तारापुरवा, पंडितपुरवा, सिलौटा, रानीबाग आदि निचले गांवों में भरा बाढ़ का पानी नदी में वापस होने लगा है। महसी के तिकुरी व पिपरी गांव में कटान जारी है। यहां घाघरा तटवर्ती ग्रामीणों की कृषि योग्य भूमि धारा में समाहित कर रही है।

एसडीएम ने लिया बाढ़ की स्थिति का जायजा

एसडीएम महसी एसएन त्रिपाठी, तहसीलदार राजेश कुमार व नायब तहसीलदार विपुल कुमार सिंह ने कटान प्रभावित पिपरी व तिकुरी का जायजा लिया। एसडीएम ने बताया कि जलस्तर घटने के साथ बाढ़ की स्थिति नहीं है। मामूली कटान हो रही है। जिनके घर कट रहे हैं, उन्हें अविलंब राहत सामग्री व गृह अनुदान दिलाया जा रहा है।

जिले की नदियों का जलस्तर

नदी-बैराज-लाल निशान-जलस्तर

घाघरा- गिरजापुरी-136.80-135.45

घाघरा- एल्गिन ब्रिज-106.07-105.896

घाघरा-घूरदेवी-112.135-111.440

सरयू-गोपिया-133.55-130.90

शारदा-शारदा-135.49-135.10

(जलस्तर मीटर में है)

chat bot
आपका साथी