नमो देव्यै, महा देव्यै : प्रधान रजिया हैं अगूठा छाप, अनुभव से विकास की छोड़ी छाप

फखरपुर ब्लॉक के घासीपुर ग्राम पंचायत की प्रधान ने अपने कामों की छोड़ी छाप।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Oct 2020 04:28 PM (IST) Updated:Fri, 23 Oct 2020 04:28 PM (IST)
नमो देव्यै, महा देव्यै :  प्रधान रजिया हैं अगूठा छाप, अनुभव से विकास की छोड़ी छाप
नमो देव्यै, महा देव्यै : प्रधान रजिया हैं अगूठा छाप, अनुभव से विकास की छोड़ी छाप

रामानंद मिश्र, फखरपुर (बहराइच) : फखरपुर ब्लॉक के घासीपुर ग्राम पंचायत की प्रधान हैं राजिया बेगम। पहली बार प्रधानी की कमान संभालने वाली रजिया बेगम ने गृहस्थी की जिम्मेदारी बखूबी निभाई, साथ ही नई सोच व इच्छाशक्ति के बल पर गांव की तस्वीर बदल दी। पंचायत के लोग उनके विकास के मॉडल की सराहना कर रहे हैं तो सरकार ने भी पुरस्कार देकर उनका हौंसला बढ़ाया है। ग्राम प्रधान रजिया बेगम भले ही पढ़ी लिखी नहीं हैं, लेकिन उन्होंने गांव में विकास की ऐसी बयार चलाई कि दूसरे प्रधानों के लिए मिसाल बन गईं। लगभग पांच हजार आबादी वाली ग्राम पंचायत का प्रतिनिधित्व करने वाली महिला प्रधान ने स्वच्छता, शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर दिया। खुले में शौचमुक्त पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए उनका प्रयास रंग लगाया। पंचायत में 600 शौचालयों का निर्माण कराया तो फूस की झोपड़ी में गुजर कर रहे 69 परिवारों का पक्का आशियाना का सपना पूरा किया। पंचायत के चौमुखी विकास को सीमित समय में पंख लगाने के लिए तत्कालीन डीएम रहे अजयदीप सिंह व माला श्रीवास्तव ने उन्हें सम्मानित किया।

उनके विकास का डंका शासन तक बजा तो सीएम योगी आदित्यनाथ ने उन्हें लखनऊ में उत्कृष्ट प्रधान के पुरस्कार से नवाजा। वे बताती हैं कि शिक्षा हासिल न कर पाने की पीड़ा हर समय कचोटती रहती है, लेकिन बड़ों से मिले अनुभव से वे पंचायत के विकास को नया आयाम देने के लिए सदैव तत्पर रहती हैं। एडीओ पंचायत गुलामुद्दीन जिलानी कहते हैं कि महिला प्रधान ने मिसाल पेश की है। पंचायत की रिपोर्ट शासन को भेजी गई है। जल्द ही प्रधान के कार्यों की वजह से पंचायत को शासन की ओर से पुरस्कृत भी किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी