उपचुनाव परिणाम घोषित, 60 ग्रापं के गठन का रास्ता साफ

51 ग्राम पंचायत सदस्य व एक बीडीसी पद पर डाले गए थे वोट एकल प्रत्याशी होने से 1769 पंचायत सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन

By JagranEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 09:54 PM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 09:54 PM (IST)
उपचुनाव परिणाम घोषित, 60 ग्रापं के गठन का रास्ता साफ
उपचुनाव परिणाम घोषित, 60 ग्रापं के गठन का रास्ता साफ

बहराइच : एक क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं 51 ग्रामपंचायत सदस्यों के रिक्त पदों की मतगणना सोमवार को सकुशल निपट गई। मतगणना स्थलों पर पूरे दिन गहमागहमी रही। निर्वाचित सदस्यों को संबंधित आरओ ने प्रमाणपत्र सौंपा।

14 ब्लाकों में 1820 ग्राम पंचायत सदस्यों के पदों के लिए नामांकन हुआ था। इसमें 1769 निर्विरोध निर्वाचित हुए। 51 पंचायत सदस्यों व जरवल के वार्ड संख्या 57 के एक क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान कराया गया। जिला पंचायतराज अधिकारी उमाकांत पांडेय ने बताया कि दो तिहाई सदस्यों की संख्या पूरी न होने से 60 ग्राम प्रधानों की शपथ नहीं हो सकी थी। रिक्त वार्डों में 12 जून को मतदान कराया गया।

जरवल : ग्राम पंचायत बीबीपुर बरवलिया से क्षेत्र पंचायत सदस्य पद की रिक्त सीट पर लीलावती ने सुभाषचंद्र वर्मा को 35 मतों से पराजित कर दिया। लीलावती को 429 मत मिले। नवाबगंज : चार ग्राम पंचायतों में सदस्य पद के उप चुनाव की मतगणना ब्लॉक मुख्यालय बाबागंज में हुई। विजयी प्रत्याशियों को रिटर्निंग अफसर ने प्रमाणपत्र दिया।

पयागपुर : आरओ मंशाराम मौर्य ने बताया कि रिक्त वार्डों में पंचायत सदस्यों का चुनाव कराया गया। उन्होंने विजयी प्रत्याशियों को प्रभारी बीडीओ वीरेंद्र मिश्र की मौजूदगी में प्रमाणपत्र दिया। विशेश्वरगंज : ब्लॉक मुख्यालय विशेश्वरगंज में एक घंटे देर से मतगणना शुरू हुई। आरओ बद्रीनारायण त्रिपाठी ने बताया कि ग्राम पंचायत मनिकापुर, रामनगर, गंगा जमुनी के विजयी सदस्यों को प्रमाणपत्र दिया गया।

तेजवापुर : आरओ एसबी सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत चेतरा, भकला गोपालपुर के रिक्त पंचायत सदस्यों के लिए शांतिपूर्ण मतगणना संपन्न हो गई। बलहा : बीडीओ रंजन लाल गुप्त ने बताया कि ग्राम पंचायत बलहा, गिरधरपुर के रिक्त पदों पर हुए चुनाव की मतगणना हुई।

chat bot
आपका साथी