जलस्तर बढ़ने से फिर गहराया बाढ़ का संकट

एक सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ रहा जलस्तर 20 सेंटीमीटर एल्गिन ब्रिज पर लाल निशान से नीचे 309801 क्यूसेक पानी तीनों बैराजों से छोड़ा गया

By JagranEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 10:21 PM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 10:21 PM (IST)
जलस्तर बढ़ने से फिर गहराया बाढ़ का संकट
जलस्तर बढ़ने से फिर गहराया बाढ़ का संकट

बहराइच : जिले के तीनों बैराजों से बुधवार को तीन लाख नौ हजार 801 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, नतीजतन घाघरा का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। इससे बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। घाघरा के तटवर्ती छत्तरपुरवा, तारापुरवा, सिलौटा, रानीबाग, गोलागंज आदि निचले गांवों की कृषि योग्य भूमि एक बार फिर जलमग्न होने लगी है।

गुरुवार की सुबह आठ बजे एल्गिन ब्रिज पर घाघरा का जलस्तर लाल निशान 106.07 मीटर के सापेक्ष 105.866 मीटर रिकार्ड किया गया। यहां घाघरा लाल निशान से 20 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। घूर देवी स्पर पर घाघरा का जलस्तर लाल निशान 112.135 मीटर के सापेक्ष 111.350 मीटर रिकार्ड किया गया। यहां नदी लाल निशान से 78 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। शारदा नदी लाल निशान 135.15 मीटर पर ही बह रही हैं।

सरयू ड्रेनेज खंड प्रथम के सहायक अभियंता बीबी पाल ने बताया कि गुरुवार की सुबह आठ बजे शारदा बैराज से एक लाख 49 हजार 878, गिरिजापुरी बैराज से एक लाख 50 हजार 636 व सरयू बैराज से नौ हजार 287 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। ग्रामीण पुन: बाढ़ की आशंका से सहम उठे हैं। महसी तहसील क्षेत्र के तिकुरी गांव में नरेश, जगतराम, अर्जुन, रमेश, मूलचंद्र, मुनेश्वर व राजाराम के आशियाने घाघरा में समाहित होने लगे हैं। तहसीलदार महसी राजेश कुमार वर्मा ने बताया की जलस्तर मामूली बढ़ा है। इससे बाढ़ की स्थिति नहीं है। कटान में कमी आई है।

जिले की नदियों का जलस्तर

नदी-बैराज-लाल निशान-जलस्तर

घाघरा-गिरजापुरी-136.80-135.55

घाघरा- एल्गिन ब्रिज-106.07-105.866

घाघरा-घूरदेवी-112.135-111.350

सरयू-गोपिया-133.55-131.10

शारदा-शारदा-135.15-135.15

(जलस्तर मीटर में है) बाढ़ प्रभावितों का राशन डकार गया कोटेदार : गुरुवार को बौंडी ग्राम पंचायत के रतनपुर मजरे के कार्डधारकों ने राशन न मिलने पर विरोध प्रदर्शन करते हुए थानाध्यक्ष को लिखित तहरीर दी। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान व कोटेदार पर आपसी गठजोड़ कर बाढ़ प्रभावितों का राशन डकारने का आरोप लगाया है। रतनपुर गांव के कार्डधारकों पन्नालाल शुक्ल, हकीम, सिराजुद्दीन, नसीम, सायरा बानो, गीता, साबरा, सितारा समेत दर्जनों कार्डधारकों ने बौंडी थाने पर तहरीर देकर बताया है कि जाकिर अली बौंडी ग्राम पंचायत के सरकारी खाद्यान्न की दुकान का कोटेदार है। कार्डधारकों का आरोप है कि कोटेदार ने ई-पास मशीन पर उनके अंगूठे लगवा लिए लेकिन जून व जुलाई माह का खाद्यान्न नहीं दिया।

कार्डधारक सरकारी खाद्यान्न की दुकान पर पहुंचे तो कोटेदार ने अभद्रता की। कार्डधारकों का कहना है कि थाने पर प्रथम सूचना दी गई है। मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से भी की जाएगी। डीएसओ एपी सिंह ने कहा कि मामले की जांच करवाई जाएगी। दोषी पाए जाने पर कोटेदार के विरुद्ध समुचित कार्रवाई की जाएगी। एसओ बौंडी मनोज कुमार राय ने बताया कि कोटे पर राशन न मिलने का मामला निपटाने का कार्य एसडीएम व पूर्ति निरीक्षक का है। कार्डधारकों को संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने को कहा गया है।

कोट

शिकायतीपत्र मिलते ही निष्पक्ष जांच करवाकर संबंधित कोटेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

-एसएन त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी महसी

chat bot
आपका साथी