विसर्जन के दौरान मारपीट, प्रतिमा क्षतिग्रस्त, नौ घायल

छेड़छाड़ का विरोध करने पर वाहन लेकर भागा था चालक आक्रोशित भीड़ ने मटेरा चौराहा स्थित पुलिस चौकी पर किया हंगामा

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 11:24 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 11:24 PM (IST)
विसर्जन के दौरान मारपीट, प्रतिमा क्षतिग्रस्त, नौ घायल
विसर्जन के दौरान मारपीट, प्रतिमा क्षतिग्रस्त, नौ घायल

बहराइच: मटेरा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में छोटा हाथी वाहन से मां दुर्गा प्रतिमा लेने गए चालक ने विसर्जन जुलूस में चल रहीं लड़कियों से छेड़छाड़ कर दी। ग्रामीणों के विरोध पर चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा। इसमें पीछे बैठे नौ लोग अनियंत्रित होकर गिर गए। प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हो गई। गुस्साए लोगों ने चालक की पिटाई के बाद मटेरा चौराहा स्थित पुलिस चौकी पर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने लाठियां भांजकर लोगों को खदेड़ा। दुर्गा पूजा समितियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। घायल दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

रघुनाथपुर गांव से शनिवार को मां दुर्गा प्रतिमा जुलूस निकलना। समिति की ओर से मटेरा चौराहा स्थित समुदाय विशेष के व्यक्ति से छोटा हाथी वाहन बुक कराया। चालक वाहन लेकर पहुंचा और विधिवत पूजा आरती के बाद प्रतिमा वाहन में रखी गईं। वाहन में 11 अन्य लोग भी सवार हो गए। आरोप है कि गांव के बाहर वाहन चालक ने जुलूस में चल रही लड़कियों से छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने जब इसका विरोध किया तो चालक वाहन को तेज रफ्तार दौड़ाते हुए मटेरा चौराहा ले गया। वाहन में सवार नौ लोग रास्ते में ही गिरकर घायल हो गए। प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हो गई। इससे आक्रोशित लोगों ने मटेरा पुलिस चौकी पर हंगामा शुरू कर दिया। वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। भाजपा नेताओं व दुर्गा पूजा समितियों के हस्तक्षेप के बाद सभी को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया। इसके बाद प्रतिमा विसर्जन के लिए ले जाई गईं। पूजा समिति की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। एसओ श्रीप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है।

ये लोग हुए घायल

दुर्गा पूजा समिति रघुनाथपुर के अध्यक्ष रमेश आर्य ने बताया कि वाहन से गिरकर गांव निवासी राममूरत यादव, राम मूरत गौतम, जगतराम आर्य, सुनील यादव, बलवंत मिश्र, मनीराम साहू), बंशीलाल, सोहन गौतम व अनिल घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर राममूरत व जगतराम को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

chat bot
आपका साथी