धनतेरस आज, सज गए बाजार

आटो सेक्टर में वाहनों की बुकिग का ग्राफ चढ़ा सराफा व बर्तन कारोबार की दुकानों पर बढ़ी भीड़ कपड़ा बाजार में भी तेजी इलेक्ट्रिक बाजार भी मंदी से उबरा

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Nov 2021 10:03 PM (IST) Updated:Mon, 01 Nov 2021 10:03 PM (IST)
धनतेरस आज, सज गए बाजार
धनतेरस आज, सज गए बाजार

बहराइच : दीपावली पर्व के मद्देनजर बाजार गुलजार हो रहे हैं। धनतेरस मंगलवार को है। बाजार सज गए हैं। आटो सेक्टर में बुकिग का दौर शुरू हो गया है। बर्तन के साथ सराफा कारोबार भी बढ़ने की संभावना है। कपड़ा बाजार व इलेक्ट्रानिक बाजार भी मंदी से उबरता दिख रहा है। महंगाई के बाद भी व्यवसायियों में उत्साह है।

दीपावली पर्व की आहट के साथ एक सप्ताह से बाजार में तैयारियां शुरू हो गई थीं। कोरोना की वैश्विक महामारी कारण टूटते बाजार को त्योहारी सीजन में उबरने की आस है। धनतेरस का पर्व खरीदारी के लिए शुभ है, जिसे देखते हुए बाजार सज गया है। सराफा कारोबार में सबसे अधिक तेजी की उम्मीद है।

सोने और चांदी के तरह-तरह के सामान दुकानों पर लग गए हैं। ऑटो सेक्टर में भी वाहनों की बुकिग का दौर शुरू हो गया है। करीब चार एजेंसियों में तीन सौ से अधिक बाइकों की बुकिग कराई जा चुकी है। इसी तरह से कपड़ा बाजार में भी खरीदारी का दौर बढ़ गया है। व्यवसायी सुमित कनौडिया का कहना है कि दो साल बाद इस तरह से बाजार गुलजार हुए हैं।

नए माडल बने युवाओं की पसंद

-गोंडा रोड स्थित बाइक एजेंसी के मालिक अंकित गर्ग ने बताया कि धनतेरस पर बाइक खरीदने के लिए अभी 100 लोगों ने बुकिग कराई है। डिगिहा तिराहा स्थित एजेंसी के मालिक आदित्य खन्ना ने बताया कि नए मॉडल क वाहन युवाओं की पसंद बने हुए हैं। अभी तक 50 लोग बुकिग करा चुके हैं।

धनवंतरि में कभी भी कर सकते खरीदारी

शहर के छावनी चौराहा स्थित पंचायती मंदिर के पंडित राधाकृष्ण पाठक ने बताया कि धनतेरस का दिन धनवंतरि का होता है। पूरा दिन शुभ होता है। किसी भी समय खरीदारी कर सकते हैं।

गेंदघर मैदान में आज से सजेगा पटाखा बाजार : दीपावली पर्व पर पटाखों की गूंज न सुनाई दे तो पर्व फीका ही नजर आता है। इसे देखते हुए प्रशासन ने लगभग 37 अस्थाई लाइसेंस जारी करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। दो स्थायी लाइसेंसधारी की दुकान लगेंगी। पटाखा बाजार इस बार भी गेंदघर मैदान ही लगेगा।

पटाखा बाजार प्रतिवर्ष गेंदघर मैदान में लगता था। इस बार जिला प्रशासन ने गेंदघर मैदान में दीपोत्सव मेला शुरू करा दिया था, जिससे संशय के हालात बन गए थे। करीब 37 अस्थायी लाइसेंस के लिए आवेदन कई दिन पहले से जमा कर रखे गए थे। पटाखा बाजार को दूसरी जगह लगाए जाने पर चर्चा की जा रही थी।

सोमवार की देर शाम जिला प्रशासन ने गेंदघर मैदान में आयोजित दीपोत्सव मेला को समाप्त करने का निर्णय ले लिया। नगर मजिस्ट्रेट ज्योति राय ने बताया कि पटाखा बाजार गेंदघर मैदान में ही लगेगा। प्रशासन ने लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।

chat bot
आपका साथी