इलाज को जालंधर जाते समय महिला की रास्ते में मौत

इलाज कराने को पति के पास बिहार से पंजाब के जालंधर जाते समय महिला की रास्ते में मौत हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 Jan 2021 11:54 PM (IST) Updated:Wed, 27 Jan 2021 11:54 PM (IST)
इलाज को जालंधर जाते समय महिला की रास्ते में मौत
इलाज को जालंधर जाते समय महिला की रास्ते में मौत

बागपत, जेएनएन। इलाज कराने को पति के पास बिहार से पंजाब के जालंधर जाते समय महिला की रास्ते में गौरीपुर मोड़ के पास मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि महिला की सर्दी व भूख के कारण जान गई है।

बिहार के पूर्वी चंपारण मोतिहारी के गाय घाट बाजार निवासी 30 वर्षीय गुडि़या देवी ने करीब ढाई माह पूर्व बेटे को जन्म दिया था। उसी समय से महिला की तबीयत खराब चल रही थी। उसके पति मनीष कुमार जालंधर में एक किसान के खेत में मजदूरी करते हैं। गुडि़या देवी अपने ढाई माह के बेटे और ढाई वर्षीय बेटी खुशबू और पड़ोसी मदन राम के साथ जालंधर जा रही थी। मंगलवार को रात करीब 10 बजे दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर गौरीपुर मोड़ के निकट बस में गुडि़या देवी की अचानक हालत बिगड़ गई। मदन राम महिला को बागपत सीएचसी लेकर पहुंचा, जहां पर चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सीएचसी अधीक्षक डाक्टर विभाष राजपूत का कहना है कि महिला की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। स्वजन ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इस घटना को जिसने सुना वह सन्न रह गया। लोग एक दूसरे से यही कहते रहे कि होनी को कौन टाल सकता है।

---

सड़कों पर भटकता रहा मदन राम

मदन राम को रातभर बहुत परेशानी का सामना करना पड़ा। बच्चों के लिए दूध व अन्य सामान के लिए सड़कों पर भटकता रहा। जानकारी मिलने पर मनीष कुमार जालंधर से बुधवार को बागपत पहुंचे। महिला के शव की बागपत में ही अंत्येष्टि करने की तैयारी चल रही है।

chat bot
आपका साथी