संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत, हत्या की आशंका

अंगदपुर जौहड़ी गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। स्वजन के हत्या की आशंका जताने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 06:42 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 06:42 PM (IST)
संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत, हत्या की आशंका
संदिग्ध परिस्थिति में महिला की मौत, हत्या की आशंका

बागपत, जेएनएन: अंगदपुर जौहड़ी गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। स्वजन ने हत्या की आशंका जताई है। पिता की शिकायत पर पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

शुक्रवार की देर रात अंगदपुर जौहड़ी गांव निवासी फिरोज की पत्नी साईन की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर महिला के मायके पक्ष के लोग शामली के कांधला देहात की जन्नत कालोनी निवासी पिता जरीफ व अन्य लोग गांव में पहुंचे, तो साईन का शव चारपाई पर पड़ा देखा। परिवार की महिलाओं में कोहराम मच गया। पिता जरीफ ने बताया कि 10 साल पहले उसने बेटी की शादी फिरोज के साथ की थी। दोनों में घरेलू विवाद रहता था। उसने बेटी की हत्या का आरोप ससुराल पक्ष के लोगों पर लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। यह भी बताया कि उसकी बेटी की गर्दन पर चोट के निशान मिले हैं।

इंस्पेक्टर चंद्रकांत पांडेय ने बताया कि महिला की स्वभाविक मौत हुई है। पिता की तहरीर पर मौत के कारण का जानने के लिए महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

सड़क पर बाइक फिसली

युवक की गई जान

संवाद सूत्र, रमाला : टांडा-रमाला मार्ग पर बारिश के कारण बाइक फिसल गई, जिससे बाइक सवार युवक का सिर विद्युत पोल से टकरा गया। गंभीर जख्मी युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।

ग्राम किरठल निवासी 28 वर्षीय सुनील उर्फ टाइटन पुत्र नरेश शनिवार दोपहर बाइक से शामली के कांधला से घर लौट रहा था। बारिश के कारण रमाला-टांडा रोड पर बाइक फिसल गई। हादसे में उसका सिर सड़क किनारे विद्युत पोल से टकरा गया। सुनील के सिर पर गंभीर चोट आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बड़ौत सीएचसी भेज दिया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुनील के पास मिले फोन से हादसे की जानकारी उसके स्वजन को दी। स्वजन के आने के बाद पुलिस ने युवक का शव पोस्टमार्टम को भेजा। इंस्पेक्टर रवेंद्र यादव ने बताया कि हादसे की तहरीर नहीं आई है। यह इत्तेफाकिया हादसा है। युवक ने सिर पर हेलमेट नहीं लगाया था।

chat bot
आपका साथी