पंचायत चुनाव में हुए झगड़े पुलिस ने किया लाठीचार्ज

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष कराने का अफसर बेशक दावा कर रहे हों लेकिन चुनाव में दिनभर कई जगह झगड़े भी हुए।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 12:31 AM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 12:31 AM (IST)
पंचायत चुनाव में हुए झगड़े  पुलिस ने किया लाठीचार्ज
पंचायत चुनाव में हुए झगड़े पुलिस ने किया लाठीचार्ज

जेएनएन,बागपत : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष कराने का अफसर बेशक दावा कर रहे हों, लेकिन धरातल पर ऐसा नजर नहीं आ रहा है। एजेंट खुद वोट डालते पकड़ा गया। मामूली विवादों पर कई स्थानों पर झगड़ा हुआ। पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया। एडीजी राजीव संभरवाल, आइजी प्रवीण कुमार खुद बागपत में मोर्चा संभाले रहे।

---

सिघावली में एजेंट भिड़े, पुलिस ने किया लाठीचार्ज,भगदड़

ग्राम सिघावली अहीर के व्यक्ति राकेश प्राथमिक विद्यालय के मतदान केंद्र के एक बूथ पर एजेंट थे। उसके द्वारा एक वोट डालने पर आपत्ति कर दी थी। उनका आरोप था कि फर्जी वोट डालने की कोशिश की जा रही है। इसको लेकर दूसरे एजेंट से कहासुनी हो गई थी। मतदान खत्म होने के बाद केंद्र से घर जाने लगे तो रास्ते में उन पर हमला कर दिया। वह चोटिल हो गए। लोग एकत्र हुए तो पुलिस ने लाठीचार्ज की। इससे भगदड़ मच गई। कई अन्य लोग चोटिल हुए।

----

पुलिस के लाठीचार्ज करने पर भड़के ग्रामीण

ग्राम डौला में एक मतदान केंद्र के बाहर उमड़ी भीड़ पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। युवक अरमान चोटिल हुआ। इसके विरोध में लोगों ने हंगामा किया। उनका आरोप है कि मतदान के लिए समय पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया। जिला पंचायत के एक प्रत्याशी ने उनको समझा-बुझाकर शांत किया। इसके अलावा बली गांव में भी पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसमें कई युवक चोटिल हुए।

---पुलिस ने प्रत्याशी को पीटा, आंदोलन की चेतावनी

भाकियू के बागपत ब्लाक अध्यक्ष ठाकुर तेजपाल सिंह का कहना है कि उनके भतीजे भीम सिंह, प्रधान पद के प्रत्याशी है। भतीजा भीम सिंह सोमवार सुबह करीब 10.30 बजे मतदान स्थल से करीब 250 मीटर दूर से गुजर रहे थे। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने डंडों से बेरहमी से पिटाई की तो भीम सिंह बेहोश होकर जमीन पर गिए पड़े। एक हाथ में फ्रैक्चर होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने बेवजह पिटाई की है। उनकी मांग है कि आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई हो, वरना सड़कों पर उतारकर आंदोलन किया जाएगा।

--- बूथ के अंदर जाने से रोकने पर प्रत्याशी व दारोगा के बीच झड़प

बागपत : सिसाना गांव के मतदान केंद्र के एक बूथ के अंदर जिला पंचायत सदस्य पद के एक प्रत्याशी जा रहे थे। वहां पर तैनात दारोगा ने उनको रोक लिया। उन दोनों की खूब नोकझोंक हुई। बाद में प्रत्याशी को मतदान केंद्र से वापस लौटना पड़ा।

chat bot
आपका साथी